महाराष्ट्र में मराठी मुद्दे पर शिवसेना UBT प्रमुख उद्धव ठाकरे और महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (MNS) प्रमुख राज ठाकरे चुनाव के लिए भी एक साथ आ रहे हैं। महाराष्ट्र में होने वाले स्थानीय नगर निकाय चुनाव में उद्धव की शिवसेना और राज ठाकरे की पार्टी साथ चुनाव लड़ेगी। राज्यसभा सांसद संजय राउत ने कहा कि हम राज ठाकरे के साथ मुंबई महानगरपालिका (BMC चुनाव) का चुनाव तो लड़ेंगे ही, इसके अलावा ठाणे नगर निगम, कल्याण डोंबिवली नगर निगम और नासिक नगर निगम में भी हम साथ चुनाव लड़ेंगे।

हम मुंबई महानगरपालिका का चुनाव जीतेंगे- संजय राउत

संजय राउत ने आगे कहा कि अन्य शहरों की महानगरपालिका में भी हम साथ दिखेंगे। उन्होंने कहा कि उद्धव ठाकरे और राज ठाकरे की ताकत मराठी लोगों की एकता की ताकत है और अब हमें कोई भी शक्ति नहीं तोड़ सकेगी। संजय राउत ने यह भी कहा कि राज ठाकरे से चुनाव को लेकर बातचीत जारी है। उन्होंने कहा कि हम मुंबई महानगरपालिका का चुनाव जीतेंगे।

संजय राउत ने कहा कि ठाकरे बंधुओं के बीच गठबंधन तय है। हालांकि अभी तक दोनों साथ रैली कब करेंगे, इसको लेकर कोई जानकारी सामने नहीं आई है। बता दें कि 27 जुलाई को उद्धव ठाकरे का जन्मदिन था और इस मौके पर राज ठाकरे उनके आवास मातोश्री पहुंचे थे। इसके बाद से कयासों का बाजार गर्म हो चुका था कि दोनों भाई साथ आ सकते हैं। संजय राउत ने कहा कि अब कोई भी ताकत आए मराठी मानुष की तोड़ का कोई जवाब नहीं है।

राज ठाकरे के खिलाफ बॉम्बे हाईकोर्ट में याचिका दाखिल, हिंदी भाषियों के खिलाफ हिंसा और धमकी देने का मामला

प्रधानमंत्री मोदी पर संजय राउत ने साधा निशाना

संजय राउत ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर भी निशाना साधा। संजय राउत ने कहा कि देश में बेरोजगारी, कानून व्यवस्था, आंतरिक सुरक्षा और भुखमरी जैसे गंभीर मुद्दे हैं। संजय राउत के अनुसार हमने 79 साल में निश्चित रूप से प्रगति की है और इसका श्रेय हर प्रधानमंत्री को जाता है। संजय राउत ने कहा कि जब देश को आजादी मिली थी, तब यहां सुई धागा भी नहीं बनता था, आज भारत अनेक क्षेत्रों में आगे बढ़ चुका है।

संजय राउत ने कहा कि पीएम मोदी ने स्वदेशी का नारा दिया, ये भी तो पंडित नेहरू का ही विजन है। उन्होंने कहा कि अब पंडित नेहरू और गांधी के विजन की याद आ गई और स्वदेशी का नारा भी कांग्रेस का ही नारा रहा है।