कश्मीर मसले पर भारत को युद्ध की धमकी दे रहे पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान का महाराष्ट्र के नागपुर में शनिवार को पुतला जलाया गया। खास बात यह थी कि 130 साल पुराने मारबत उत्सव में इमरान का विशालकाय पुतला जलाकर उनके खिलाफ विरोध दर्ज किया गया। पोला उत्सव के दूसरे दिन पाकिस्तानी प्रधानमंत्री का पुतला ‘बडग्या’ के रुप में बनाया गया।

करीब 15 से 20 फीट लंबे इस पुतले को भारी भीड़ के बीच फूंका गया। 130 साल पहले शुरू हुए इस उत्सव की शुरुआती दिनों में अंग्रेजों और उनके सामाजिक अत्याचारों का विरोध किया जाता था। इस उत्सव में हर साल अलग-अलग पुतलों को फूंका जाता है। इस साल पाक पीएम का पुतला ‘बडग्या’ के रूप में चुना गया और उनके खिलाफ विरोध दर्ज किया गया। पुतले में पाकिस्तान के खिलाफ नारे भी लिखे हुए थे। गले में लटके एक पोस्टर में लिखा था ‘कश्मीर तो हमारा है, अब पीओके की बारी है।’ इस दौरान आर्थिक मंदी और बेरोजगारी के मुद्दे पर भी बडग्या पुतले बनाए गए थे।

मालूम हो कि भारत ने अगस्त की शुरूआत में जम्मू कश्मीर को विशेष दर्जा देने वाले अनुच्छेद 370 के अधिकतर प्रावधानों को समाप्त कर दिया था और राज्य को दो केंद्रशासित प्रदेशों में बांट दिया था। इसके बाद से भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव बढ़ गया है। पाकिस्तान भारत के खिलाफ गीदड़भभकियां दे रहा है।

उल्लेखनीय है कि जुलूस में पुतले सारी समस्याओं को दर्शाते हैं और सामाजिक बुराईयों के खिलाफ संदेश देते हैं। बुरी ताकतों और बीमारियों को दूर रखने के लिए स्थानीय लोग इसे हर साल मनाते हैं। यह त्योहार मानसून के खत्म होने का भी संकेत देता है।