Maharashtra & Haryana Vidhan Sabha Election/Chunav Results 2019: महाराष्ट्र और हरियाणा विधानसभा चुनाव परिणाम में बीजेपी का प्रदर्शन वैसा नहीं रहा जैसा उम्मीद जताई जा रही थी। रुझानों में बीजेपी हरियाणा में बहुमत से चूक गई तो महाराष्ट्र में 288 विधानसभा सीटों में से 101 सीटों पर आगे चल रही है। चुनाव परिणाम की तस्वीर लगभग साफ हो चुकी है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह दिल्ली स्थित पार्टी दफ्तर से पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित किया।
बीजेपी अध्यक्ष ने कहा कि ‘महाराष्ट्र में बीजेपी एकबार फिर पूर्ण बहुतम की सरकार बनाने जा रहे हैं। वहीं हरियाणा में भी हमें तीन प्रतिशत ज्यादा वोट मिले हैं। हरियाणा और महाराष्ट्र की जनता को धन्यवाद। इन दोनों ही राज्यों में बीजेपी कभी अपने मुख्यमंत्री नहीं बना पाई थी। लेकिन मोदी जी के नेतृत्व में हमने ऐसा कर दिखाया। सबका साथ-सबका विकास के जरिए हमने सरकार चलाई। देवेंद्र फडणवीस और मनोहर लाल खट्टर ने अच्छा काम किया। और दोनों ही राज्यों में हमारी सरकार बन रही है। 2019 लोकसभा चुनाव में भी हमें 2014 के मुकाबले जनता ने ज्यादा सीटें दीं।’
इससे पहले उन्होंने ट्वीट कर दोनों राज्य में पार्टी के प्रदर्शन पर खुशी जताई। उन्होंने महाराष्ट्र में बीजेपी-शिवसेना गठबंधन में विश्वास प्रकट करने और हरियाणा में बीजेपी को सबसे बड़ी पार्टी बनाने के लिए जनता का धन्यवाद किया है।
यहां देखें LIVE नतीजे – हरियाणा विधानसभा चुनाव परिणाम 2019 | महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव परिणाम 2019
बीजेपी अध्यक्ष ने ट्वीट किया ‘भाजपा-शिवसेना गठबंधन में विश्वास प्रकट करने के लिए महाराष्ट्र की जनता का कोटि-कोटि अभिनंदन। मोदी जी के नेतृत्व में महाराष्ट्र सरकार निरंतर प्रदेश की प्रगति और जनता की सेवा के लिए समर्पित रहेगी। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस श्री चंद्रकांत पाटिल व सभी कार्यकर्ताओं को बधाई। मोदी जी के नेतृत्व में महाराष्ट्र सरकार निरंतर प्रदेश की प्रगति और जनता की सेवा के लिए समर्पित रहेगी।’
उन्होंने एक अन्य ट्वीट में कहा ‘गत 5 वर्षों में मोदी जी के केंद्रीय नेतृत्व में खट्टर सरकार ने हरियाणा की जनता के कल्याण के लिए हर संभव प्रयास किये। बीजेपी को सबसे बड़ी पार्टी बनाकर पुनः सेवा का मौका देने के लिए जनता का अभिनंदन करता हूं।’
वहीं केंद्रीय मंत्री नितीन गडकरी ने भी चुनाव परिणाम पर प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा ‘मैं महाराष्ट्र के लोगों का आभार व्यक्त करता हूं और एक बार फिर इस सरकार को वापस लाने के लिए उनका धन्यवाद करता हूं। मैं सीएम देवेंद्र फडणवीस, भाजपा अध्यक्ष अमित शाह और पीएम नरेंद्र मोदी को इस चुनावी जीत के लिए शुभकामनाएं देता हूं।’
बता दें कि महाराष्ट्र में सरकार गठन के दौरान अपने सहयोगी दल भाजपा के साथ कड़ा मोलभाव करने के संकेत देते हुए शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे ने बृहस्पतिवार को कहा कि यह वक्त सत्ता बंटवारे के लिए ‘‘50:50’’ फॉर्मूले को लागू करने का है। महाराष्ट्र में बीजेपी 101 सीटों पर आगे चल रही है तो शिवसेना 57 सीटों पर आगे चल रही है। वहीं हरियाणा में किसी भी पार्टी को बहुमत मिलता नहीं दिख रहा। यहां बीजेपी 40 सीटों पर तो कांग्रेस 31 सीटों पर आगे चल रही है।
वहीं जननायक जनता पार्टी (जेजेपी) 10 तो अन्य के खातों में 9 सीटें जाती दिख रही है। जेजेपी चुनाव में किंगमेकर बनकर उभरी है। जेजेपी नेता दुष्यंत चौटाला ने राज्य में त्रिशंकु विधानसभा की स्थिति में सरकार गठन के लिए भाजपा या कांग्रेस को समर्थन देने के मुद्दे पर अपने पत्ते अभी नहीं खोले हैं।