महाराष्ट्र सरकार में मंत्री आशीष शेलार ने मुंबई में गैर-मराठी भाषी प्रवासियों पर हमले को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने हमलों की तुलना जम्मू-कश्मीर के पहलगाम आतंकवादी हमले से की है। इसमें दोनों मामलों में पीड़ित हिंदू थे। आशीष शेलार ने मुंबई में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि पहलगाम में लोगों को उनके धर्म के कारण मारा गया।

हिंदुओं पर उनकी भाषा के कारण हमला हो रहा- आशीष शेलार

आशीष शेलार ने कहा, “महाराष्ट्र में हिंदुओं पर केवल उनकी भाषा के कारण हमला किया जा रहा है। क्या अंतर है?” यह टिप्पणी मुंबई में कई घटनाओं के बाद बढ़े तनाव के बीच आई है, जहां राज ठाकरे की महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (MNS) के कार्यकर्ताओं ने दुकानदारों और प्रवासी श्रमिकों पर कथित तौर पर मराठी के बजाय हिंदी बोलने पर हमला किया।

आशीष शेलार ने शिवसेना (यूबीटी) के अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे और उनके चचेरे भाई राज ठाकरे के हाल ही में एक साथ आने को अवसरवादी गठबंधन कहा। उन्होंने आरोप लगाया, “उद्धव सत्ता के बिना नहीं रह सकते। उन्होंने भाजपा छोड़ दी, जब उन्हें सीएम की कुर्सी नहीं मिली और अब वे किसी भी तरह से बीएमसी सीट चाहते हैं। भाजपा मराठी भाषियों और हिंदुओं दोनों के हितों की रक्षा करेगी, लेकिन ऐसा वह विकास की राजनीति के जरिए करेगी, न कि नफरत के जरिए।”

‘कोई विजय रैली बता रहा था, ये तो रुदाली भाषण निकला’, ठाकरे ब्रदर्स पर बरसे फडणवीस

MNS के कार्यकर्ता लोगों से कर रहे मारपीट

महाराष्ट्र में राज ठाकरे की पार्टी महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (MNS) के कार्यकर्ता मराठी ना बोलने को लेकर लोगों को पीट रहे हैं। राज ठाकरे की पार्टी के कार्यकर्ताओं ने ऐसी कई घटनाओं को अंजाम दिया है, जिसमें उन्होंने मराठी ना बोलने पर लोगों को पीटा है। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा था कि महाराष्ट्र में मराठी सर्वोच्च है लेकिन हम सभी भाषा का सम्मान करते हैं।

कब हुआ था पहलगाम आतंकी हमला?

बता दें कि पहलगाम हमला 22 अप्रैल 2025 को हुआ था। इसमें पाकिस्तानी आतंकवादियों ने 26 हिंदुस्तानी पर्यटकों को गोली मार दी थी। आतंकवादियों ने पर्यटकों को उनके धर्म पूछ कर गोली मारी थी। इसके जवाब में भारत ने ऑपरेशन सिंदूर को अंजाम दिया था, जिसमें पाकिस्तान में मौजूद 9 आतंकी ठिकानों को ध्वस्त किया गया था।