Maharashtra Government: ‘महाराष्ट्र विकास आघाडी’ तीन पार्टियों- शिवसेना-कांग्रेस-राकांपा के गठबंधन ने शनिवार को विधानसभा में विश्वासमत हासिल कर लिया। 288 सदस्यीय विधानसभा में करीब 169 विधायकों ने विश्वासमत प्रस्ताव के समर्थन में वोट किया, जबकि के 105 विधायक वाकआउट कर गये।
वहीं भाजपा ने बहुमत परीक्षण का बहिष्कार किया और सदन से वॉक आउट कर दिया। इससे पहले फ्लोर टेस्ट का आगाज ही हंगामे से हुआ है। भाजपा नेता देवेंद्र फडणवीस ने आरोप लगाया कि नियमों के मुताबिक कार्यवाही नहीं हो रही है।
फडणवीस का कहना है कि प्रोटेम स्पीकर का बदलना नियमों के खिलाफ है और बिना स्पीकर के चुनाव के फ्लोर टेस्ट कराना भी गलत है। उन्होंने कहा कि उन्हें फ्लोर टेस्ट की जानकारी देर रात 1 बजे दी गई। उन्होंने कहा कि देर से बताया ताकि पार्टी के विधायक ना पहुंच सकें। इस पर प्रोटेम स्पीकर ने कहा कि राज्यपाल की इजाजत से ही कार्यवाही चल रही है। भाजपा विधायक फिलहाल विधानसभा परिसर में धरने पर बैठे हैं।
शिवसेना-राकांपा-कांग्रेस गठबंधन की उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली महा विकास आघाड़ी सरकार शनिवार यानी आज महाराष्ट्र विधानसभा में विश्वास मत साबित करेगी। उम्मीद है कि सरकार सुगमता से विश्वास मत हासिल कर लेगी। विधानसभा का दो दिवसीय सत्र शनिवार को शुरू होगा। पहले दिन सदन में नए मंत्रियों के परिचय के बाद विश्वास मत हासिल किया जाएगा।
महाराष्ट्र में शिवसेना- राकांपा- कांग्रेस की सरकार बनने के एक दिन बाद शिवसेना के नेता संजय राउत ने शुक्रवार को कहा कि पड़ोसी राज्य गोवा में भाजपा विरोधी गठबंधन बनेगा। राउत ने यहां संवाददाताओं से कहा कि उन्होंने गोवा फॉरवर्ड पार्टी (जीएफपी) के नेता विजय सरदेसाई और महाराष्ट्र गोमंतक पार्टी (एमजीपी) के नेता सुदीन धवलीकर से इस बारे में बात की है। जीएफपी नेता विजय सरदेसाई ने मुंबई में राउत से मुलाकात की और शिवसेना के प्रस्ताव का समर्थन किया, वहीं एमजीपी के सुदीन धवलीकर ने भी कहा कि इस तरह का गठबंधन संभव है। शिवसेना की तरह जीएफपी और एमजीपी भी पहले भाजपा की सहयोगी रह चुकी हैं।
महाराष्ट्र में कांग्रेस और राकांपा के साथ गठजोड़ कर मुख्यमंत्री बने शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे ने शुक्रवार को कहा कि भगवा उनका ‘पसंदीदा रंग’ है और यह ‘किसी भी लॉन्ड्री में धुलाई से जाएगा नहीं।’ दरअसल, शिवसेना के कांग्रेस और राकांपा से हाथ मिलाने के बाद भाजपा उस पर निशाना साध रही है और हिंदुत्व को लेकर उसकी प्रतिबद्धता पर सवाल उठा रही है।
राकांपा नेता अजित पवार ने शुक्रवार को कहा कि महाराष्ट्र विकास आघाडी के घटकों के बीच हुए समझौते के अनुसार उनकी पार्टी को उपमुख्यमंत्री पद मिलेगा, जबकि विधानसभा अध्यक्ष कांग्रेस से होगा। पवार का बयान इन खबरों के बीच आया है कि कांग्रेस अब उपमुख्यमंत्री पद की मांग कर रही है और राकांपा को अध्यक्ष पद देने के लिए तैयार है। उल्लेखनीय है कि शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे ने बृहस्पतिवार को मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ग्रहण की थी और उनके साथ शिवसेना, राकांपा तथा कांग्रेस के दो-दो मंत्रियों ने भी शपथ ली थी।
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री पद का कार्यभार संभालने के बाद उद्धव ठाकरे ने शुक्रवार को मीडिया से बातचीत की। उन्होंने जानकारी दी कि आरे कॉलोनी में मेट्रो शेड का काम रोक दिया गया है। ठाकरे की घोषणा पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए उनके पूर्ववर्ती देवेंद्र फडणवीस ने कहा, ‘‘यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि माननीय सर्वोच्च न्यायालय के आदेश के बावजूद प्रदेश सरकार ने आरे मेट्रो कार शेड के काम पर रोक लगा दी।’’
शिवसेना ने देवेंद्र फडणवीस सरकार की आर्थिक नीतियों पर कटाक्ष किया है। पार्टी के मुखपत्र 'सामना' के संपादकीय में कहा गया है कि फडणवीस सरकार पांच साल में राज्य पर पांच लाख करोड़ का कर्ज लादकर गई है। इसलिए नए सीएम ने जो संकल्प लिया है, उस पर तेजी से लेकिन सावधानी के साथ आगे बढ़ना होगा। नई सरकार सार्वजनिक कल्याण के तहत काम करेगी। इसके लिए (तेज विकास) केंद्र को (राज्य के साथ) सहयोग करना होगा। महाराष्ट्र के किसानों को दयनीय हालात से निकालने के लिए केंद्र को मदद देनी होगी।
महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने दक्षिण मुंबई में मुख्यमंत्री के आधिकारिक आवास को खाली करना शुरू कर दिया। पैकर्स एंड मूवर्स कंपनी का एक वाहन दोपहर में फडणवीस के सामानों को दूसरी जगह पहुंचाने के लिए मालाबार हिल इलाके में स्थित मुख्यमंत्री के आधिकारिक बंगला ‘वर्षा’ पहुंचा। वहां पर तैनात एक पुलिस अधिकारी ने इस बारे में बताया। देवेंद्र फडणवीस ने मंगलवार को मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था।
कांग्रेस महाराष्ट्र में स्पीकर पद की मांग छोड़ सकती है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक कांग्रेस अब दो डिप्टी सीएम पद की मांग कर सकती है। कांग्रेस ने एनसीपी से दो डिप्टी सीएम पद को लेकर बातचीत की है।
सीएम उद्धव ठाकरे ने कहा कि वह पहले मुख्यमंत्री हैं जिसका जन्म मुंबई में हुआ है। उन्होंने मीडिया से बातचीत में कहा कि मैं इस शहर के लिए और क्या-क्या कर सकता हूं इसपर विचार कर रहा हूं।
मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे दोपहर एक बजे अपने आवास मातोश्री से निकले थे। उसके बाद उन्होंने हुतात्मा चौक पर शहीदों को श्रद्धांजलि दी। इसके बाद ठाकरे ने सचिवालय पहुंचकर छठे फ्लोर स्थित अपने कार्यालय में पदभार संभाल लिया। इस दौरान उद्धव ठाकरे के बेटे आदित्य ठाकरे भी उनके साथ रहे। वहीं सचिवालय में ठाकरे समर्थकों की भारी भीड़ जुटी हुई है। पदभार संभालने से पहले उद्धव ठाकरे ने सचिवालय में छत्रपति शिवाजी महाराज की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया।
महाराष्ट्र में कल उद्धव सरकार का बहुमत परीक्षण हो सकता है। एक न्यूज चैनल ने सूत्रों के हवाले से मिली जानकारी के बाद यह खबर साझा की है।
उच्चतम न्यायालय ने महाराष्ट्र में सरकार बनाने के लिए शिवसेना, एनसीपी और कांग्रेस के बीच चुनाव बाद गठबंधन को चुनौती देने वाली याचिका शुक्रवार को खारिज कर दी। न्यायमूर्ति एनवी रमण, न्यायमूर्ति अशोक भूषण और न्यायमूर्ति संजीव खन्ना की पीठ ने कहा कि संवैधानिक नैतिकता और राजनीतिक नैतिकता भिन्न होती हैं। पीठ ने कहा, 'लोकतंत्र में हम राजनीतिक दलों के दूसरे दलों से गठबंधन के अधिकार में कटौती नहीं कर सकते।'
महाराष्ट्र में शिवसेना, एनसीपी और कांग्रेस ने मिलकर सरकार बनाई है। तीनों दल न्यूनतम साझा कार्यक्रम पर एक साथ आए हैं। वहीं महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने न्यूनतम साझा कार्यक्रम पर असंतोष प्रकट किया है। उन्होंने कहा है कि इसमें उत्तरी महाराष्ट्र और मराठवाड़ा के बारे में बात नहीं की गयी है।
नेशनलिस्ट कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) के विधायक दिलीप वलसे पाटिल को शुक्रवार को महाराष्ट्र विधानसभा में प्रोटेम स्पीकर नियुक्त किया गया है।
शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे ने गुरुवार को महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री पद की शपथ ले ली। शुक्रवार को अपने दफ्तर पहुंचे ठाकरे का लोगों ने बड़े ही उत्साह के साथ स्वागत किया। सीएम इस दौरान लोगों का अभिवादन स्वीकार करते नजर आए। देखिए तस्वीरें:-
उद्धव ठाकरे ने संभाला कार्यभार
शिवसेना विधायक अब्दुल सत्तार ने कहा है कि फ्लोर टेस्ट कल हो सकता है। हम तैयार हैं, पहले हमारे साथ 162 विधायक थे, जो अब बढ़कर 170 हो गए हैं। ये नंबर्स अभी और बढ़ेंगे, लेकिन इसमें कोई शक नहीं है कि सरकार के पास बहुमत है। शिवसेना विधायक ने कहा कि तीनों पार्टियां इन पांच सालों में बेहतर प्रदर्शन करेंगी और अगले 10 साल के लिए फिर से सत्ता में आएंगी।
गोवा फारवर्ड पार्टी चीफ विजय सरदेसाई का कहना है कि जो महाराष्ट्र में हुआ है, वो गोवा में भी होना चाहिए। विपक्ष को साथ आना चाहिए। हम संजय राउत से मिले। महाविकास अघाडी को गोवा तक फैलाना चाहिए। बता दें कि इससे पहले संजय राउत ने गोवा में शिवसेना और महाविकास अघाडी के गठबंधन की बात कही थी।
मुख्यमंत्री का पद संभालने के बाद पहले संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए ठाकरे ने कहा कि उन्होंने मुख्य सचिव से किसानों के लिए सभी मौजूदा योजनाओं की समीक्षा कर गौर करने को कहा है कि इससे किसानों को असल में कितना फायदा हुआ है। उन्होंने संवाददाताओं से कहा, ‘‘यदि हम वास्तविकता जानेंगे तो हम अच्छा काम कर सकते हैं। हमने जानकारी मांगी है। किसानों को सिवाए आश्वासन के कुछ नहीं मिला। हम किसानों की ठोस मदद करना चाहते हैं। ’’
महाराष्ट्र के सीएम उद्धव ठाकरे आज अपना पदभार संभाल लेंगे। इसे देखते हुए महाराष्ट्र सचिवालय और उसके आसपास सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। उद्धव ठाकरे ने गुरुवार को मुंबई के शिवाजी पार्क में महाराष्ट्र के नए मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ ली थी। शपथ ग्रहण के दौरान कई राजनैतिक पार्टियों के नेता मौजूद रहे, जिनमें कांग्रेस के कमलनाथ, पूर्व सीएम देवेंद्र फडणवीस आदि शामिल हैं।
महाराष्ट्र सचिवालय में स्थित सीएम ऑफिस के बाहर उद्धव ठाकरे के नाम की प्लेट लग चुकी है। सीएम ऑफिस के गेट को फूलों से सजाया गया है। बता दें कि उद्धव ठाकरे सीएम पद की शपथ लेने के बाद आज अपना कार्यभार संभालेंगे।
नागपुर पुलिस ने महाराष्ट्र के पूर्व सीएम देवेंद्र फडणवीस को एक समन भेजा है। नागपुर (सदर) पुलिस इंस्पेक्टर महेश बानसोडे ने बताया है कि पुलिस ने पूर्व सीएम को समन भेजा है। यह समन एक स्थानीय कोर्ट द्वारा जारी किया गया है। देवेंद्र फडणवीस पर आरोप है कि उन्होंने अपने चुनावी हलफनामे में उनके खिलाफ चल रहे दो आपराधिक मामलों की जानकारी छिपायी थी।
महाराष्ट्र के पूर्व सीएम देवेंद्र फडणवीस ने सरकारी बंगले से पैकिंग शुरु कर दी है। फडणवीस फिलहाल अपने लिए नया घर ढूंढ रहे हैं।
महाराष्ट्र में टीवी मीडिया के हवाले से खबर आयी है कि कांग्रेस और एनसीपी दोनों ही पार्टियों से एक-एक डिप्टी सीएम होगा। वहीं विधानसभा स्पीकर का पद एनसीपी और डिप्टी स्पीकर का पद कांग्रेस के खाते में जाएगा।
शिवसेना नेता संजय राउत ने पूर्व सीएम देवेंद्र फडणवीस पर तंज कसा है। दरअसल उन्होंने उद्धव ठाकरे के सीएम पद की शपथ लेने के बाद पूर्व सीएम देवेंद्र फडणवीस को विपक्ष का नेता बनने पर बधाई दी है।
ठाकरे ने पूर्ववर्ती फडणवीस सरकार पर भी निशाना साधा, जिसने जून 2017 में किसानों के लिए कर्ज माफी की घोषणा की थी। ठाकरे ने कहा, ‘‘अब तक किसानों से झूठे वादे किए गए और उन्हें फायदा नहीं हुआ। मैंने देखा है कि किसानों को कर्ज माफी के प्रमाण पत्र दिए गए, लेकिन असल में उन्हें कोई फायदा नहीं हुआ।’’
गुरुवार को शिवसेना चीफ उद्धव ठाकरे ने महाराष्ट्र के सीएम के रुप में शपथ ली। जिसके बाद मुंबई में जगह-जगह उन्हें और 'महाविकास अघाड़ी दल' को बधाई देने वाले होर्डिंग लगे हुए हैं।
पूर्व मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने न्यूनतम साझा कार्यक्रम पर अपना असंतोष प्रकट करते हुए कहा कि इसमें उत्तरी महाराष्ट्र और मराठवाड़ा के बारे में बात नहीं की गयी है। इस बारे में पूछे जाने पर ठाकरे ने कहा, ‘‘मंत्रिमंडल समूचे महाराष्ट्र का होता है और ऐसी टिप्पणी करने वाले व्यक्ति पांच साल मुख्यमंत्री थे। मंत्रिमंडल खास क्षेत्र का नहीं होता बल्कि यह पूरे राज्य का प्रतिनिधित्व करता है।’’