Republic TV पर चर्चा के दौरान अर्णब गोस्वामी ने मुंबई पुलिस कमिश्नर परमबीर सिंह को लेकर कहा कि उन्होंने साध्वी प्रज्ञा सिंह ठाकुर पर जुल्म किया है। अर्णब गोस्वामी ने कहा कि ‘हम कहते हैं कि तुम हिंदू विरोधी हो तो देश विरोधी हो। महाराष्ट्र की जनता को पता है कि चूकि साध्वी प्रज्ञा सिंह ठाकुर भगवा पहनती थीं, इसीलिए परमवीर ने उनपर जुल्म किया…क्योंकि साध्वी प्रज्ञा एक देशभक्त हैं…इसीलिए बेल्ट से पीटा…मैं गलत बोल रहा हूं क्या…क्योंकि वो सनातनी हैं..क्योंकि वो भगवाधारी हैं…क्योंकि वो साध्वी है…क्योंकि वो देशभक्त है…’ अर्णब की इस बात पर डिस्कशन में मौजूद एक पैनिस्ट ने कहा कि ‘हमें मत समझाओ..भगवा पहनने से कोई साधु नहीं हो जाता।’
आपको बता दें कि कुछ ही दिनों पहले भारतीय जनता पार्टी (BJP) की सांसद साध्वी प्रज्ञा सिंह ठाकुर ने रिपब्लिक टीवी पर बातचीत के दौरान बड़ा खुलासा किया था। उन्होंने कहा था कि मुंबई पुलिस की पिटाई की वजह से उनकी फेफड़े की झिल्ली फट गई थी। साध्वी प्रज्ञा ने कहा था कि ‘एक होटल में ले जाकर मुझे टॉर्चर किया गया था। मुझे इतना ज्यादा प्रताड़ित किया गया था कि मैं बेहोश हो गई थी। इसके बाद मुझे एक अस्पताल ले जाया गया था। अस्पताल में जांच के बाद रिपोर्ट से पता चला था कि मार लगने से मेरे फेफड़े की झिल्ली फटी और उसके कारण मैं बेहोश हुई तथा मेरी सांस रूकी…’
साध्वी प्रज्ञा ने यह भी आरोप लगाया था कि उन्हें गैरकानूनी तरीके से 13 दिन तक रखा गया था। प्रज्ञा ठाकुर ने यह भी कहा था कि वो परमबीर को दंड जरुर दिलवाऊंगी।
बता दें कि मध्य प्रदेश के भिंड जिले के कछवाहा गांव में जन्मीं प्रज्ञा सिंह 2008 के मालेगांव ब्लास्ट मामले में गिरफ्तारी में चर्चा में आई थीं। इस ब्लास्ट में 6 लोग मारे गए थे और 101 लोग घायल हुए थे। इस मामले में जांच के बाद प्रज्ञा ठाकुर पर केस दर्ज हुआ था और उन्हें गिरफ्तार भी किया गया था। बाद में एनआईए ने अपनी रिपोर्ट में साल 2016 में उन्हें दोषमुक्त भी बनाया था।