Maharashtra CM News: महाराष्ट्र में बंपर जीत के बाद भी महायुति की परेशानियां कम नहीं हुई हैं। मुख्यमंत्री का चुनाव करना महायुति के लिए काफी मुश्किल हो गया है। महाराष्ट्र के कार्यवाहक सीएम एकनाथ शिंदे अपने पैतृक गांव चले गए हैं। ऐसे में अटकलें लगाई जाने लगी थीं कि वह नाराजगी के चलते वहां पर गए हैं। हालांकि, शिवसेना नेता उदय सामंत ने ऐसी सभी अटकलों को खारिज कर दिया है।
समाचार न्यूज एजेंसी एएनआई के मुताबिक, शिवसेना के एक अन्य नेता संजय शिरसाट ने कहा कि एकनाथ शिंदे अगले 24 घंटों में कोई बड़ा फैसला लेंगे। हालांकि, उन्होंने दावा किया कि शिवसेना के मुखिया केंद्रीय मंत्रिमंडल में कोई पद नहीं लेंगे क्योंकि उनकी दिलचस्पी महाराष्ट्र की राजनीति में है। वहीं उदय सामंत ने कहा कि गुरुवार रात दिल्ली में जब उन्होंने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की तो एकनाथ शिंदे अस्वस्थ थे।
एकनाथ शिंदे अपने पैतृक गांव गए
महायुति के साथियों की अहम बैठक शुक्रवार को एकनाथ शिंदे के अपने गांव दारे के लिए रवाना होने की वजह से रद्द कर दी गई। इससे महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के नतीजों के एक हफ्ते बाद सरकार गठन में देरी हो गई। एकनाथ शिंदे, देवेंद्र फडणवीस और अजित पवार के बीच बैठक के बारे में पूछे जाने पर उदय सामंत ने जवाब दिया, ‘अगर मीटिंग फिजिकली नहीं होती है, तो यह वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिए भी हो सकती है।’
एकनाथ शिंदे नहीं तो कौन होगा शिवसेना से डिप्टी सीएम
शिंदे लेंगे कोई बड़े फैसला
शिवसेना नेता ने कहा कि किसी को भी स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं का सामना करना पड़ सकता है और अगर वह स्वास्थ्य कारणों से किसी अच्छी जगह गए हैं तो इस नतीजे पर पहुंचने का कोई मतलब नहीं है कि वह परेशान है। वहीं दूसरी ओर संजय शिरसाट ने कहा, ‘जब उन्हें (एकनाथ शिंदे को) कोई बड़ा फैसला लेना होता है तो वह अपने पैतृक गांव जाते हैं। कल शाम तक एकनाथ शिंदे बहुत बड़ा फैसला लेंगे।’
संजय शिरसाट ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने कहा है कि वह अगले दो दिनों में अपने विधायक दल के नेता पर फैसला लेगी और औपचारिकता पूरी करने के बाद में नई सरकार का गठन किया जाएगा। इतना ही नहीं उन्होंने महा विकास अघाड़ी पर भी निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि विपक्ष को सरकार गठन को लेकर महायुति दलों पर सवाल उठाने के बजाय चुनावों में अपने प्रदर्शन पर ध्यान देना चाहिए और आत्ममंथन करना चाहिए। महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के नतीजे लोकसभा चुनाव के उलट क्यों रहे पढ़े पूरी खबर…