महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने महाराष्ट्र के राज्यपाल को अपना इस्तीफा सौंपा। बता दें कि महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में महायुति गठबंधन को प्रचंड बहुमत मिला है। शिवसेना के विधायक दल के नेता एकनाथ शिंदे चुने गए हैं तो वहीं एनसीपी के विधायक दल के नेता अजित पवार चुने गए हैं। अब बीजेपी के विधायक दल की बैठक होने वाली है और नेता चुना जाना है।
शिंदे बनें कार्यवाहक मुख्यमंत्री
महाराष्ट्र के राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन को एकनाथ शिंदे ने अपना इस्तीफा सौंपा। इस दौरान उनके साथ अजित पवार और देवेंद्र फडणवीस भी मौजूद रहे। राज्यपाल ने एकनाथ शिंदे को बतौर कार्यवाहक मुख्यमंत्री जिम्मेदारियां संभालने का निर्देश दिया है। बता दें कि महाराष्ट्र विधानसभा का कार्यकाल भी आज ही समाप्त हो रहा है। तीनों दल बैठकर मुख्यमंत्री पद पर फैसला करेंगे। बीजेपी की ओर से देवेंद्र फडणवीस का नाम मुख्यमंत्री पद के लिए सबसे आगे चल रहा है। हालांकि शिवसेना के नेता भी एकनाथ शिंदे को सीएम पद पर बने रहने का दबाव बना रहे हैं।
देवेंद्र फडणवीस होंगे मुख्यमंत्री!
इंडियन एक्सप्रेस के खास सूत्रों के अनुसार महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ही होंगे। वहीं एकनाथ शिंदे और अजित पवार डिप्टी सीएम बनेंगे। सोमवार को भाजपा के शीर्ष नेतृत्व ने देवेंद्र फडणवीस के नाम को मंजूरी दे दी है। ऐसा इंडियन एक्सप्रेस को सूत्रों ने बताया है।
महिलाओं ने महायुती के पक्ष में की जमकर वोटिंग
किसे मिलेगा कितना मंत्री पद?
भाजपा के साथ एकनाथ शिंदे बातचीत कर रहे हैं। इंडियन एक्सप्रेस के सूत्रों के अनुसार शिवसेना को करीब 12 मंत्री पद मिल सकते हैं और इसमें कुछ प्रमुख विभाग भी शामिल हैं। वहीं एनसीपी को 10 मंत्री पद मिल सकते हैं। बता दें कि महाराष्ट्र में 43 विधायकों को मंत्री बनाया जा सकता है। भाजपा अपने पास 21 से 22 मंत्री पद रख सकती है। बताया जा रहा है कि भाजपा हर हालत में गृह और वित्त विभाग अपने पास रखना चाहेगी। जबकि कुछ प्रमुख विभाग सहयोगियों को भी दिए जाएंगे। हालांकि विभागों को लेकर तीनों ही दलों में चर्चा जारी है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह एकनाथ शिंदे, देवेंद्र फडणवीस और अजित पवार के साथ दिल्ली में बैठक करेंगे। इसके बाद सब कुछ फाइनल हो जाएगा।
एक और फॉर्मूले पर चर्चा तेज
इसके अलावा एक फॉर्मूले पर और चर्चा हो रही है। माना जा रहा है कि एकनाथ शिंदे को केंद्र में मंत्री बनाने का भी ऑफर मिला है। वहीं एकनाथ शिंदे के बेटे श्रीकांत शिंदे को महाराष्ट्र का उपमुख्यमंत्री बनाने का ऑफर मिला है। जबकि देवेंद्र फडणवीस मुख्यमंत्री और अजित पवार एक अन्य उपमुख्यमंत्री बनेंगे। पढ़ें क्या है बीजेपी का पूरा ऑफर