महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव की 288 सीटों पर आज वोटिंग हो रही है। चुनाव में कुल 4136 प्रत्याशी मैदान में हैं। सभी बूथों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। वोटिंग के दिन सुबह सुबह से ही कई स्टार्स अपने मताधिकार का प्रयोग करने पहुंच रहे हैं। अभिनेता अक्षय कुमार, राजकुमार राव, कबीर खान अब तक वोट डाल चुके हैं। वहीं, मुंबई में जिस बूथ पर सलमान खान और शाहरुख खान वोट डालने पहुंचेंगे वहां मुंबई पुलिस पहुंची है और सुरक्षा का जायजा ले रही है।
सलमान खान को हाल ही में लॉरेंस बिश्नोई के नाम पर कई बार जान से मारने की धमकियां मिली है। इसके बाद पुलिस उनकी सुरक्षा को लेकर अलर्ट है। इसके अलावा शाहरुख खान को भी हाल ही में जान से मारने की धमकी मिली थी। सूत्रों के मुताबिक, रायपुर के रहने वाले फैजान नाम के शख्स ने यह धमकी दी जिसके बाद मुंबई के बांद्रा थाने में धमकी को लेकर केस दर्ज किया था। फैजान को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
शाहरुख खान, सलमान खान अपने परिवार के साथ वोट देने के लिए बांद्रा वेस्ट के पोलिंग बूथ पर जाएंगे। दोनों का पोलिंग बूथ भी एक ही है। बांद्रा वेस्ट में आशीष शेलार (भाजपा) और आसिफ जकारिया (कांग्रेस) के बीच कड़ा मुकाबला देखने मिल सकता है। शाहरुख और सलमान खान के अलावा सुभाष घई, फरहान अख्तर, जोया अख्तर, करीना कपूर, रणबीर कपूर, प्रेम चोपड़ा, आमिर खान, शबाना आजमी, माधुरी दीक्षित, विद्या बालन, ऋतिक रोशन, आमिर खान, किरण राव जैसे कई सेलिब्रिटी भी बांद्रा वेस्ट के अलग -अलग पोलिंग बूथ पर वोटिंग के लिए आ सकते हैं।
LIVE: महाराष्ट्र में वोटिंग जारी, जानें पल-पल के अपडेट्स
सलमान खान को कई बार जान से मारने की धमकी
सलमान खान को पिछले दो महीनों में चार बार जान से मारने की धमकी मिली है। सबसे पहले 25 अक्टूबर 2024 को NCP नेता बाबा सिद्दीकी के बेटे जीशान के ऑफिस में एक मैसेज किया गया था, जिसमें 2 करोड़ रुपए की मांग भी की गई थी। साथ ही कहा गया था कि अगर सलमान और जीशान पैसे नहीं देते तो उन्हें जान से मार दिया जाएगा। इस मामले में मुंबई पुलिस ने नोएडा से 20 साल के मोहम्मद तैयब को गिरफ्तार किया था।
उसके बाद 30 अक्टूबर को सलमान को धमकी भरे मैसेज भेजने के मामले में 56 साल के आजम मोहम्मद मुस्तफा को गिरफ्तार किया गया था। मुंबई के ट्रैफिक कंट्रोल रूम में मैसेज किया गया था। मैसेज में कहा गया था कि अगर सलमान 2 करोड़ नहीं देते तो उन्हें मार दिया जाएगा।
लॉरेंस बिश्नोई के नाम से मिल रही धमकी
4 नवंबर को मुंबई ट्रैफिक कंट्रोल रूम में भेजे गए मैसेज में लिखा गया था कि सलमान खान काले हिरण के शिकार मामले में बिश्नोई समाज की मंदिर जाकर माफी मांगे या 5 करोड़ रुपए दें। अगर वो ऐसा नहीं करते तो उनकी जान जा सकती है। इस मामले में कर्नाटक से धमकी भेजने वाले की गिरफ्तारी हो चुकी है। वहीं, 7 नवंबर 2024 को एक गाने में सलमान और लॉरेंस का नाम जोड़ा गया और मुंबई पुलिस को धमकी भरा मैसेज भेजा गया और सलमान को चैलेंज किया, दम है तो बचा लो।