मराठा आरक्षण एक्टिविस्ट मनोज जरांगे पाटिल को महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस का आलोचक माना जाता है। उन्होंने एक बार फिर से रविवार फडणवीस पर निशाना साधा। मनोज पाटिल ने फडणवीस पर मराठा नेताओं को कमज़ोर करने और अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) और मराठा समुदायों के बीच दरार पैदा करने की साजिश रचने का आरोप लगाया।
फडणवीस पर पाटिल ने साधा निशाना
अहिल्यानगर में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में मनोज जरांगे पाटिल ने आरोप लगाते हुए कहा, “मैं अहिल्यानगर से मराठा समुदाय को एक महत्वपूर्ण संदेश दे रहा हूं। देवेंद्र फडणवीस जानबूझकर मराठा नेताओं और मराठा अधिकारियों को खत्म करने की कोशिश कर रहे हैं। उन्हें सतर्क रहना चाहिए।” मनोज जरांगे पाटिल ने कहा कि मराठा अधिकारी भी फडणवीस से पीड़ित हैं। उन्होंने कहा, “मैं मराठा समुदाय से आग्रह करता हूं कि अगर उन्हें परेशान किया जाता है तो वे अधिकारियों के साथ खड़े रहें।”
मराठों के लिए कौन लड़ेगा?- पाटिल
मनोज जरांगे पाटिल ने कहा कि सरकारी अधिकारी जानबूझकर कम इनकम वाले लोगों और मराठा लोगों से बच रहे हैं, जो अपने सरकारी काम करवाने के लिए उनके पास आते हैं। उन्होंने कहा, “वे गरीबों, मराठा और दलित मुसलमानों का जीवन दयनीय बना रहे हैं। फडणवीस अब दावा कर रहे हैं कि वे ओबीसी समुदाय की ओर से लड़ेंगे। फिर मराठों के लिए कौन लड़ेगा? अब ओबीसी समुदाय भी जानता है कि वे यह सुनिश्चित करना चाहते हैं कि ओबीसी और मराठा आपस में झगड़ते रहें। ओबीसी समुदाय भी अब जानता है कि फडणवीस उन्हें मराठा समुदाय के खिलाफ हिंसा करने के लिए उकसा रहे हैं। अगर हिंसा होती है, तो फडणवीस को याद रखना चाहिए कि इसके लिए वे ही ज़िम्मेदार होंगे।”
क्या कोई ‘खेल’ होने वाला है? शिंदे बोले- मैं दिल्ली इसलिए जाता हूं…
मनोज जरांगे पाटिल ने कहा कि जब ओबीसी ज़िला संरक्षक मंत्री बनेगा, तो मराठों को नुकसान होगा। उन्होंने कहा, “जब मराठा ज़िला संरक्षक मंत्री बनेंगे, तो ओबीसी को परेशान नहीं किया जाएगा।”
स्थानीय स्वशासन निकाय चुनावों के बारे में मनोज जरांगे पाटिल ने कहा, “इस संबंध में मराठा समुदाय निर्णय लेगा। हालांकि आरक्षण के संबंध में हमारा रुख समान है। हम ओबीसी कोटे के माध्यम से आरक्षण चाहते हैं, किसी अन्य श्रेणी के माध्यम से नहीं। 19 अगस्त को हम अपना आंदोलन करने के लिए मुंबई जाएंगे।” राहुल गांधी द्वारा वोट चोरी के आरोप पर मनोज जरांगे पाटिल ने कोई टिप्पणी नहीं की।