Rajya Sabha Election: भारत के 17 राज्यों की 55 सीटों के लिए 26 मार्च को राज्यसभा चुनाव होने हैं। इस चुनाव में अधिकांश उम्मीदवारों के निर्विरोध चुने जाने की उम्मीद है लेकिन कम से कम तीन सीटों के लिए पार्टियों के बीच कड़ा मुकाबला हो सकता है। इसमें से एक-एक सीट महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश और झारखंड की है। राजनीतिक पार्टियों ने इसके लिए समीकरण बनाने और स्थिति पर नजर रखना शुरू कर दिया है।

मध्य प्रदेश की तीन सीटों में से एक पर भाजपा आसानी से जीत सकती है लेकिन पार्टी की नजर दो सीटों पर है। ऐसे में बीजेपी कमलनाथ से नाराज विधायकों पर नजर गड़ाए हुए है। जिन 55 सीटों के लिए चुनाव होना है, उनमें से भाजपा के पास वर्तमान में 15 सीटें हैं और 13 पर उसकी जीत सुनिश्चित होने की संभावना है।

पार्टी के पास हिमाचल प्रदेश से एक, हरियाणा की दो सीटों में से एक, राजस्थान की तीन सीटों में से एक, बिहार की पांच सीटों में से एक, महाराष्ट्र की सात सीटों में से एक जीतने के लिए विधायकों की पर्याप्त संख्या है। इसके साथ ही मध्य प्रदेश की तीन में से एक, गुजरात की चार में से दो, असम की तीन और अरुणाचल प्रदेश तथा मणिपुर की एक-एक सीट जीतने की क्षमता है। पार्टी नामित सदस्य की एक खाली से भी अपने एक सदस्य को राज्यसभा भेज सकती है।

हालांकि, पार्टी नेताओं ने कहा कि भाजपा 17-18 सीटों पर नजर बनाए हुए है। पार्टी नेतृत्व ने पहले ही तीन सीटों में से कम से कम दो सीटों पर जीत के लिए बातचीत शुरू कर दी है। उनका इशारा मध्य प्रदेश के हाल के घटनाक्रमों पर है। यहां मुख्यमंत्री कमलनाथ के खिलाफ संभावित विद्रोह का संकेत देते हुए सत्तारूढ़ कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं के बीच मतभेद की आवाजें सामने आई हैं। ये मतभेद राज्यसभा चुनाव से जुड़े हुए हैं।

सूत्रों ने बताया, भाजपा, मुख्यमंत्री के खिलाफ कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं की नाराजगी का फायदा उठा सकती है। भाजपा के एक नेता ने कहा, “भाजपा मध्य प्रदेश में एक सीट पर जीत के लिए निश्चिंत है, लेकिन हमने दूसरी सीट पर भी हार नहीं मानी है।”

ओडिशा में विधायकों की कुल संख्या 147 है जिसमें से 113 विधायक बीजद के हैं। बीजद आसानी से अपने तीन सदस्यों को राज्यसभा भेज सकती है। वहीं भाजपा के राज्य में 23 विधायक हैं। एक उम्मीदवार को राज्यसभा भेजने के लिए 30 विधायकों की जरुरत है। ऐसे में भाजपा को उम्मीद है कि बीजद उसके एक सदस्य को राज्यसभा भेजने में मदद कर सकती है।