Lok Sabha Elections 2024: आगामी लोकसभा चुनाव को लेकर एनडीए को मात देने के लिए जितनी तेजी से इंडिया गठबंधन बना था। अब उतनी ही तेजी से उसके घटक दल बिखरते से नजर आ रहे हैं। क्योंकि पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री के बाद अब आम आदमी पार्टी ने भी पंजाब की सभी 13 लोकसभा सीटों पर अकेले चुनाव लड़ने का फैसला किया है। इसकी जानकारी पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने बुधवार को मीडिया को दी।

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान से पहले ममता बनर्जी ने कांग्रेस को बड़ा झटका दिया। टीएमसी चीफ ने नाराजगी ज़ाहिर करते हुए कहा है कि वह पश्चिम बंगाल का चुनाव अकेले लड़ने वाली हैं।

ममता के इस बयान के बाद राजनीतिक प्रतिक्रियाएं सामने आने लगी। कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने कहा कि बीजेपी को हराना हमारी पहली प्राथिमिकता है और बंगाल में इंडिया गठबंधन ही चुनाव लड़ेगा। ममता बनर्जी ने कहा था कि उन्हें भारत जोड़ो यात्रा में नहीं बुलाया गया है। इसके जवाब में जयराम रमेश ने कहा है कि मल्लिकार्जुन खड़गे ने सभी विपक्षी नेताओं को न्योता दिया था।

ममता बनर्जी की टिप्पणी पर कांग्रेस महासचिव संचार प्रभारी जयराम रमेश ने कहा, “टीएमसी भारत गठबंधन का एक स्तंभ है। हम ममता के बिना इंडिया गठबंधन की कल्पना नहीं कर सकते। कल हमारी यात्रा पश्चिम बंगाल में प्रवेश कर रही है। सीटों के बंटवारे को लेकर चर्चा चल रही है। जल्द ही एक अच्छा परिणाम आने वाला है।”

ममता बनर्जी की टिप्पणी पर एनसीपी (शरद पवार गुट) के राष्ट्रीय प्रवक्ता क्लाइड क्रैस्टो ने कहा, “ममता बनर्जी और उनकी पार्टी इंडिया गठबंधन का एक महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। वे हमारे साथ हैं और हम मजबूती से लड़ेंगे।”

ममता बनर्जी की टिप्पणी पर राजद सांसद मनोज झा ने कहा “कृपया कुछ वक्त इंतजार करें। हो सकता है कि बयान किसी विशेष स्थिति में दिया गया हो…अगर कोई टकराव है तो इंडिया गठबंधन इसे सुलझा लेगा।

बता दें, भगवंत मान ने पंजाब में कांग्रेस के साथ गठबंधन को लेकर यह बयान पहली बार नहीं दिया है। इससे पहले 16 जनवरी को भी पंजाब सीएम ने कहा था कि आम आदमी पार्टी (आप) आगामी चुनावों में राज्य की सभी 13 लोकसभा सीटें जीतेगी, जबकि संकेत दिया कि इंडिया ब्लॉक का हिस्सा होने के बावजूद पंजाब में कांग्रेस के साथ आप के गठबंधन की कोई संभावना नहीं है।

एक मीडिया संगठन के कार्यक्रम में बोलते हुए मुख्यमंत्री ने कहा था कि मुख्यमंत्री होने के साथ-साथ आप प्रदेश अध्यक्ष होने के नाते वह 13 लोकसभा सीटों में से कोई भी किसी अन्य पार्टी के साथ साझा नहीं करना चाहेंगे। सभी 13 लोकसभा सीटें जीतेंगे। मुख्यमंत्री ने कहा था, “इस बार लोकसभा च शुद्ध देश च पंजाब बनूंगा हीरो, आम आदमी पार्टी दे हक च पंजाब च 13-0।” उन्होंने कहा कि केवल मतदाता ही यह तय करेंगे कि क्या इंडिया ब्लॉक केंद्र में भाजपा के नेतृत्व वाले एनडीए का विकल्प हो सकता है।