लोकसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस आलाकमान कई बैठकें कर रहा है। वजह है इंडिया गठबंधन के सीट शेयरिंग फोर्मूले को अमल में लाया जाना। कांग्रेस अन्य विपक्षी दलों के साथ बैठक से पहले यह तय करना चाहती है कि पार्टी कितनी सीटों पर सीधे तौर पर चुनाव लड़ेगी? और कितनी सीटों पर गठबंधन के साथ मैदान में जाएगी। सूत्रों की मानें तो कांग्रेस 290 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारना चाहती है और 100 सीटों पर गठबंधन के मुताबिक सीटें तय करना चाहती है। ऐसा माना जा रहा है कि कांग्रेस ने अपने समीकरणों के मुताबिक यह आंकड़े तय कर लिए हैं और अब विपक्षी दलों के साथ बैठक में इसे रखा जाएगा। अगर ऐसा होता है तो कांग्रेस 390 सीटों पर चुनाव लड़ेगी।

क्या है कांग्रेस का प्लान?

ऐसा माना जा रहा है कि पूर्वोत्तर के लगभग सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में कांग्रेस सीधे तौर पीआर अपने उम्मीदवारों को मैदानों में उतारेगी। कांग्रेस 10 राज्यों सीधे तौर पर और 9 राज्यों में गठबंधन के साथ चुनाव लड़ने का प्लान बना रही है।

किन राज्यों में अकेले चुनाव लड़ना चाहती है कांग्रेस

अगर बात की जाए कांग्रेस के अकेले जिन राज्यों में चुनाव लड़ने की संभावना है, उन राज्यों में गुजरात, हरियाणा, असम, आंध्र, मध्य प्रदेश, तेलंगाना,हिमाचल, कर्नाटक, केरल,राजस्थान,छत्तीसगढ़, उत्तराखंड और ओडिशा जैसे राज्य शामिल हैं।

बात अगर बाकी राज्यों की जाए तो दिल्ली, बिहार, पंजाब, तमिलनाडू, पश्चिम बंगाल, कश्मीर, झारखंड और महाराष्ट्र में पार्टी गठबंधन के साथ सीट शेयरिंग के मुताबिक चुनावी मैदान में उतरेगी। अब सवाल यह है कि महाराष्ट्र में पार्टी शिवसेना (उद्धव गुट) और शरद पवार के साथ बातचीत को किस तरह आसान बना पाती है। शिवसेना नेता संजय राउत का बयान भी काफी सुर्खियों में है, जिसमें कहा गया है कि उनकी पार्टी 48 में से 23 सीटों पर चुनाव लड़ेगी। इस ही तरह बंगाल में ममता बनर्जी की टीएमसी और बिहार में नीतीश कुमार और आरजेडी से कांग्रेस को बातचीत के बेहतर मौके तलाशने होंगे।