Lok Sabha Election Result 2024: लोकसभा चुनाव को लेकर जैसे-जैसे वोटों की गिनती जारी है, भारतीय जनता पार्टी (BJP) को राजनीतिक रूप से सबसे महत्वपूर्ण राज्य उत्तर प्रदेश सहित कुछ हिंदी भाषी राज्यों में आश्चर्यजनक हार का सामना करना पड़ रहा है। चुनाव आयोग द्वारा दिखाए गए मतदान रुझानों के अनुसार, 80 लोकसभा सीटों वाले उत्तर प्रदेश में भाजपा और समाजवादी पार्टी के बीच कड़ी टक्कर है।
सुबह 11.05 बजे चुनाव आयोग के आंकड़ों के अनुसार भाजपा 35 सीटों पर आगे चल रही है, जबकि सपा 34 सीटों पर आगे चल रही है, जबकि इंडिया ब्लॉक गठबंधन 42 सीटों पर आगे है। वहीं कांग्रेस यूपी में अच्छा प्रदर्शन करती दिख रही है. पिछले कई चुनावों में जहां वो दहाई के अंक को भी पाने को तरस रही थी। वहीं इस बार अभी तक वो 7 सीटों पर अच्छी बढ़त बनाए हुए है। 2019 में भाजपा ने उत्तर प्रदेश में 62 सीटें जीती थीं, जबकि समाजवादी पार्टी को पांच सीटें मिली थीं।
जिन प्रमुख नेताओं ने अपने प्रतिद्वंद्वियों पर बढ़त हासिल की है। उनमें वाराणसी में नरेन्द्र मोदी, लखनऊ में राजनाथ सिंह, कन्नौज और मैनपुरी में समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव और उनकी पत्नी डिंपल यादव, रायबरेली और अमेठी में कांग्रेस उम्मीदवार राहुल गांधी और किशोरी लाल शर्मा, कानपुर में बीजेपी के रमेश अवस्थी, फर्रुखाबाद में बीजेपी के मुकेश राजपूत शामिल हैं।
भाजपा के अरुण गोविल और हेमा मालिनी भी क्रमशः मेरठ और मथुरा सीटों पर अपने प्रतिद्वंद्वियों से आगे हैं। भारतीय कुश्ती महासंघ के पूर्व प्रमुख बृज भूषण शरण सिंह के बेटे करण भूषण सिंह कैसरगंज में सपा के भगत राम से 40,449 मतों से आगे चल रहे हैं।
हरियाणा
हरियाणा में भाजपा कांग्रेस से पीछे है और दोनों पार्टियां क्रमशः चार और छह सीटों पर आगे चल रही हैं।
राजस्थान
राजस्थान में भाजपा 14 सीटों पर आगे चल रही है जबकि कांग्रेस आठ सीटों पर आगे है।
बिहार
बिहार में भाजपा-जद(यू)-लोजपा(आर) गठबंधन राजद-कांग्रेस-वाम गठबंधन के मुकाबले मजबूत स्थिति में दिखाई दिया। चुनाव आयोग के आंकड़ों के अनुसार सत्तारूढ़ पार्टी 40 में से 31 सीटों पर आगे चल रही है। 2019 में उन्होंने 39 सीटें जीती थीं।