कुछ ही महीने में होने वाले लोकसभा चुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने बड़े स्तर पर अपनी तैयारियां की हैं और उन्हें लागू करना भी शुरू कर दिया है। सूत्रों के मुताबिक पार्टी ने तय किया है कि चुनाव से पहले भाजपा किसान मोर्चा एक लाख गांवों तक पहुंचेगा। इसके अलावा देश में किसानों को लेकर दो बड़े अधिवेशन भी किए जाएंगे।

सूत्रों ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्त्व में दस साल से चल रही राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) की सरकार ने किसानों के लिए कई काम किए हैं। लोकसभा चुनाव से पहले पार्टी किसान लाभार्थियों तक पहुंचना चाहती है। इसके लिए भाजपा किसान मोर्चा ने एक व्यापक रणनीति तैयार की है। सूत्रों के मुताबिक भाजपा किसान मोर्चा ने इस रणनीति के तहत देश के 6.64 लाख गांवों में से एक लाख गांव तक पहुंचने का निर्णय किया है। इस दौरान भाजपा किसान मोर्चा के कार्यकर्ता गांवों का दौरा करेंगे और हर गांव में किसानों की सभा या चौपाल का आयोजन करेंगे।

भाजपा किसान मोर्चा ने बनाई एक लाख किसानों तक पहुंचने की रणनीति

मोर्चा के कार्यकर्ता किसानों को केंद्र सरकार की योजनाओं के बारे में बताएंगे और उन किसानों से भी बातचीत करेंगे जिन्हें विभिन्न योजनाओं का लाभ मिला है। केंद्र सरकार की ओर से प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, पशुधन बीमा योजना, प्रधानमंत्री किसान सिंचाई योजना, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, किसान क्रेडिट कार्ड, आदि प्रमुख हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने हाल ही के कई भाषणों में कह चुके हैं कि उनके लिए युवा, महिला, किसान और गरीब चार जातियां हैं। किसानों को लेकर प्रधानमंत्री का विशेष ध्यान है। इसी के चलते भाजपा किसान मोर्चा ने एक लाख गांवों के किसानों तक पहुंचने की रणनीति तैयार की है।

सूत्रों ने बताया कि इसके अलावा मोर्चा अखिल भारतीय स्तर पर दो बड़े अधिवेशन भी आयोजित करेगा। इन अधिवेशनों में हजारों किसानों के आने की संभावना है। सूत्रों के मुताबिक इन अधिवेशनों को प्रधानमंत्री, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह या रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह संबोधित कर सकते हैं।

‘गांव चलो’ अभियान

सूत्रों के मुताबिक जनवरी के अंत या फरवरी के पहले हफ्ते से भाजपा के ‘गांव चलो’ अभियान की रूपरेखा को अंतिम रूप दिया जा रहा है। इस अभियान के तहत केंद्रीय मंत्री, सांसद, मुख्यमंत्री, राज्य सरकारों के मंत्री, विधायक और पार्टी पदाधिकारी एक-एक गांव का दौरा कर वहां चौबीस घंटे प्रवास करेंगे।