Lok Sabha Elections 2024: उत्तर प्रदेश की जौनपुर लोकसभा सीट से बहुजन समाज पार्टी ने एक बार फिर से अपना प्रत्याशी बदल दिया है। बसपा ने यहां से पहले श्याम सिंह यादव का टिकट काटकर श्रीकला रेड्डी को चुनावी दंगल में उतारा था। हालांकि, पार्टी ने अब फिर से एक बार श्याम सिंह यादव पर ही भरोसा जताया है और उन्हें टिकट दिया है।
श्रीकला ने जौनपुर लोकसभा सीट से बहुजन समाज पार्टी के निशान पर नामांकन भरा था। बसपा की तरफ से जौनपुर से श्रीकला के नाम का ऐलान होने के बाद से ही जौनपुर के चुनावी माहौल में बदलाव देखने को मिल रहा था। भारतीय जनता पार्टी ने इस सीट से कृपाशंकर सिंह को चुनावी दंगल में उतारा हैं। वहीं, बात अगर समाजवादी पार्टी की करें तो उसकी तरफ से बाबू सिंह कुशवाहा को टिकट दिया गया है। श्रीकला के चुनावी मैदान में उतरने से माना जा रहा था कि सिर्फ बीजेपी और बसपा के बीच में मुकाबला हो रहा है। लेकिन श्याम सिंह यादव के मैदान में उतरने से अब मुकाबला त्रिकोणीय होने के आसार हैं।
श्याम सिंह यादव ने दी प्रतिक्रिया
जौनपुर से बसपा सांसद श्याम सिंह यादव ने बताया कि बहुजन समाज पार्टी ने जौनपुर से उन्हें अपना उम्मीदवार फिर से बनाया है। श्याम सिंह यादव का कहना है कि देर रात 1 बजे बसपा सुप्रीमो मायावती का खुद उनके पास फोन आया और उन्होंने कहा कि उन्हें दोबारा जौनपुर से बसपा उम्मीदवार बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि हम हमेशा पार्टी के साथ खड़े रहे हैं। इस फैसले से काफी खुशी है। अब हम जौनपुर की जनता के साथ हमेशा खड़े रहेंगे। साथ ही, उन्होंने आगे कहा कि दोपहर करीब 1 बजे मेरा सिंबल आ जाएगा। फिर इसके बाद मैं नामांकन दाखिल करूंगा।
जौनपुर लोकसभा सीट
जौनपुर उत्तर प्रदेश के लोकसभा निर्वाचन क्षेत्रों में से एक है। राज्य में 80 संसदीय सीटें हैं। जौनपुर सीट में बदलापुर, शाहगंज, जौनपुर, मल्हनी और मुंगराबादशाहपुर समेत 5 विधानसभा क्षेत्र शामिल हैं। यह निर्वाचन क्षेत्र एक सामान्य सीट है। इस क्षेत्र में बसपा और भाजपा मुख्य पार्टियां हैं। 2019 के लोकसभा चुनाव में बसपा के श्याम सिंह यादव ने 80,936 वोटों के अंतर से सीट जीती। श्याम सिंह यादव को 50प्रतिशत वोट शेयर के साथ 521,128 वोट मिले और उन्होंने भाजपा के कृष्ण प्रताप सिंह केपी को हराया, जिन्हें 440,192 वोट मिले। बात अगर 2014 के लोकसभा चुनावों की करें तो इस चुनाव में भाजपा के कृष्ण प्रताप केपी ने सीट जीती और उन्हें 36.45 प्रतिशत वोट शेयर के साथ 367,149 वोट मिले। बसपा उम्मीदवार सुभाष पांडे को 220839 वोट (21.93 प्रतिशत) मिले और वह दूसरे नंबर पर रहे। कृष्ण प्रताप केपी ने सुभाष पांडे को 146310 वोटों से हराया।