Lok Sabha Chunav: लोकसभा चुनाव की सातों फेज की वोटिंग समाप्त हो चुकी है और एग्जिट पोल के नतीजों में एक बार फिर से भारतीय जनता पार्टी के नेतृत्व वाले एनडीए की सरकार बनती हुई नजर आ रही है। कभी कांग्रेस के लिए पूरी तरह से समर्पित रहने वाले आचार्य प्रमोद कृष्णम ने इंडिया अलायंस और कांग्रेस पार्टी की जमकर आलोचना की है और कहा कि लोग एक बार फिर से मोदी की सरकार बनाने जा रहे हैं। इंडिया अलायंस सत्ता के लोभ में फंस गया है।
पूर्व कांग्रेस नेता आचार्य प्रमोद कृष्णम ने कहा कि 4 जून को नतीजे काफी चौंकाने वाले होंगे। एग्जिट पोल से भी ज्यादा सीटें आने वाली हैं। लोग प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को तीसरी बार प्रधानमंत्री बनाएंगे। एक तरफ वो नेता है जो राष्ट्र के कल्याण के लिए समर्पित है और दूसरी तरफ वो नेता है जो सत्ता के लालच में मीटिंग पर मीटिंग कर रहा है। विपक्ष की हरकतें ज्यादातर देश विरोधी हैं।
राहुल गांधी भी ध्यान के लिए जाएंगे- प्रमोद कृष्णम
आचार्य प्रमोद कृष्णन ने कहा कि नरेंद्र मोदी के बाद अब राहुल गांधी के मेडिटेशन करने की बारी है। पूर्व कांग्रेस नेता ने कहा कि 4 जून को लोकसभा चुनाव के नतीजे आने के बाद कांग्रेस पार्टी टूट जाएगी। रविवार को आचार्य ने सोशल मीडिया पर लिखा कि प्रिंस 4 जून की शाम को ध्यान के लिए भी जाएंगे और गुफा की खोज जारी है।
इसके बाद एक बार फिर कांग्रेस पार्टी के अंदर चर्चा तेज हो गई है। कृष्णम ने कहा कि पीएम मोदी की साधना की शक्ति की झलक एग्जिट पोल में भी दिखाई दे रही है।
कांग्रेस दो धड़ों में बंट जाएगी
आचार्य प्रमोद कृष्णम ने पार्टी में प्रियंका गांधी से जुड़ी साजिश का आरोप लगाया था क्योंकि उन्हें पार्टी अध्यक्ष बनने से रोका गया। आचार्य ने दावा किया कि उनके खिलाफ यह साजिश कई सालों से चल रही है। राहुल गांधी का खेमा चाहता है कि प्रियंका गांधी राजनीति से बाहर हो जाएं। इस वजह से प्रियंका गांधी के समर्थक दुखी हैं। इस वजह से 4 जून के बाद कांग्रेस के दो धड़े हो जाएंगे।