भारत और चीन के बीच लद्दाख पर तनाव जारी है। चीनी आक्रामकता के खिलाफ भारत की प्रतिक्रिया पर देशभर में बहस जारी है। इस बीच एक टीवी डिबेट में बहस के दौरान नेताओं ने चीन की हरकतों पर चर्चा करने के बजाय रक्षा विशेषज्ञ पर ही सवाल उठाने शुरू कर दिए। जहां बहस के दौरान कांग्रेस और लेफ्ट पार्टी के नेता ने डिफेंस एक्सपर्ट पर निशाना साधा, वहीं भाजपा प्रवक्ता संबित पात्रा ने विशेषज्ञ को पूर्व सैन्य अफसर बताते हुए बाकी दोनों प्रवक्ताओं के बहिष्कार की मांग उठा दी।

टीवी चैनल न्यूज नेशन के एक शो में चीन के मुद्दे पर बहस के दौरान एक सवाल पर कांग्रेस प्रवक्ता आलोक शर्मा ने आरोप लगाया कि भाजपा चीन की भाषा बोलती है और उन्हें यह काम बंद कर देना चाहिए। आलोक शर्मा ने आगे कहा कि कुछ डिफेंस एक्सपर्ट भी भाजपा के पेरोल पर काम करते हुए नजर आते हैं। उन्हें जवानों की बात करनी चाहिए।

शर्मा के अलावा लेफ्ट पार्टी की तरफ से शो में आए विवेक श्रीवास्तव ने भी रक्षा विशेषज्ञ पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि भाजपा का ट्रैक रिकॉर्ड अफसरों और फौजियों को खराब करने का है। उन्होंने कहा कि जहां तक बोगस डिफेंस एक्सपर्ट्स का सवाल है तो मैं कल एक टेबल-चेयर भाजपा दफ्तर भिजवा दूंगा। हो सकता है संबित पात्रा इन्हें कुछ जगह दे दें। ये लोग भाजपा की बैठक करते हैं, देश की बैठक तो करते नहीं।

हालांकि, दोनों नेताओं के इस बयान पर डिफेंस एक्सपर्ट को घिरता देख भाजपा प्रवक्ता संबित पात्रा बचाव में उतर आए। पात्रा ने एंकर से कहा कि ऐसे व्यक्ति को डिबेट से निकाल कर फेंक देना चाहिए। उनका बहिष्कार करना चाहिए। ऐसे गद्दारों के साथ डिबेट नहीं होनी चाहिए, जो भारत के सेना के अफसर के साथ ऐसी बात कर रहे हैं कि अपनी ट्रैक रिकॉर्ड देखो। इनकी हिम्मत कैसे हो जाती है, ऐसी बात करने की।