Happy Janmashtami 2019: राष्ट्रीय राजधानी में जन्माष्टमी के अवसर पर हजारों की संख्या में श्रद्धालु शनिवार को मंदिरों में उमड़े और भगवान कृष्ण के जन्मोत्सव मनाया। दिल्ली में भगवान कृष्ण के मशहूर मंदिरों लक्ष्मी नारायण मंदिर, इस्कॉन मंदिर, अमर कॉलोनी, कृष्ण प्रणामी मंदिर, हरे कृष्ण मंदिर एवं अन्य मंदिरों को त्योहार के अवसर पर सजाया गया था।
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने इस अवसर पर लोगों को शुभकामनाएं थीं। शहर के विभिन्न हिस्सों में इस अवसर पर मंदिरों में विशेष शोभा यात्राएं निकाली जायेंगी। दिल्ली यातायात पुलिस ने मंदिरों के आस पास तथा जन्माष्टमी आयोजन स्थलों पर भीड़ एवं वाहनों की आवाजाही को नियंत्रित करने के लिये विशेष इंतजाम किये हैं।
इस से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को देशवासियों को जन्माष्टमी की बधाई दी और उनके अच्छे स्वास्थ्य एवं सुखद जीवन की कामना की।
अबू धाबी में मौजूद मोदी ने ट्वीट किया, ‘‘सभी देशवासियों को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की हार्दिक शुभकामनाएं। जय श्रीकृष्ण!’’ उन्होंने कहा, ‘‘भगवान श्रीकृष्ण हमारे जीवन में खुशियां लाएं और हमें अच्छा स्वास्थ्य दें।’’ गौरतलब है कि जन्माष्टमी भगवान कृष्ण के जन्म के अवसर पर मनाई जाती है।
जन्माष्टमी उत्सव की धूम देश के साथ ही विदेश में भी देखने को मिल रही है। फ्रांस की राजधानी पेरिस के इस्कॉन मंदिर में श्रद्धालुओं ने जन्माष्टमी के अवसर पर पूजा अर्चना की।
मथुरा में जन्माष्टमी का उत्सव धूमधाम से मनाया जा रहा है। मथुरा के कृष्ण जन्मभूमि मंदिर में आरती का आयोजन किया गया।
आप आदमी पार्टी ने सभी लोगों को कृष्ण के जन्मोत्सव पर्व जन्माष्टमी पर्व की शुभकामनाएं दी। पार्टी ट्वीट लिखा, 'श्री कृष्ण जन्माष्टमी की सभी को शुभकामनाएं'।
राष्ट्रपति राम नाथ कोविंद ने देशवासियों को जन्माष्टमी की बधाई दी। राष्ट्रपति ने ट्वीट में लिखा, 'जन्माष्ट्मी के अवसर पर सभी देशवासियों को बधाई और शुभकामनाएं। भगवान श्री कृष्ण ने 'निष्काम कर्म' अर्थात् फल की इच्छा किए बिना कर्म करने का संदेश दिया है। मेरी कामना है कि यह त्योहार सबके जीवन में हर्ष-उल्लास और उमंग लाएं।
भुवनेश्वर स्थित इसकॉन मंदिर में जन्माष्टमी का त्योहार धूमधाम से मनाया गया।
जन्माष्टमी के त्योहार में शरीक हुए यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को कहा कि भगवान श्रीकृष्ण का धरा पर अवतरण सत्य और न्याय की स्थापना के लिए हुआ था। उन्होंने कहा कि भारत में पर्व और त्योहारों की समृद्ध परम्परा है। आज से 5000 वर्ष पूर्व भगवान श्रीकृष्ण अवतरित हुए थे। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण के अवतारों की उच्च परम्परा है। भगवान श्रीकृष्ण का अवतार पूर्ण अवतार माना जाता है। उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुक्रवार रात रिजर्व पुलिस लाइंस में आयोजित ‘श्रीकृष्ण जन्मोत्सव’ में शामिल हुए। योगी ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा अयोध्या में दीपोत्सव, मथुरा में रंगोत्सव जैसे कार्यक्रम सफलतापूर्वक आयोजित किये जा चुके हैं। इस वर्ष प्रयागराज कुंभ-2019 का भी सफल आयोजन किया जा चुका है, जिससे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश की साख बढ़ी।