Kolkata Doctor Rape-Murder: कोलकाता में लेडी डॉक्टर की रेप के बाद हत्या मामले ने देश के हर शख्स को झकझोर कर रख दिया है। इसी बीच 2012 के दिल्ली सामूहिक बलात्कार मामले की पीड़िता निर्भया की मां आशा देवी ने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के इस्तीफे की मांग की है। निर्भया की मां आशा देवी ने कहा कि कोलकात में लेडी डॉक्टर के साथ बलात्कार और हत्या के खिलाफ व्यापक विरोध प्रदर्शन के बाद स्थिति को ममता बनर्जी स्थिति को संभालने में विफल रही हैं।
आशा देवी ने पीटीआई के हवाले से कहा कि दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने के लिए अपने अधिकार का इस्तेमाल करने के बजाय, ममता बनर्जी जनता को गुमराह करने की कोशिश कर रही हैं। उन्होंने कहा कि वह खुद एक महिला हैं। उन्हें राज्य के मुखिया के तौर पर अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करनी चाहिए थी। उन्हें इस्तीफा दे देना चाहिए, क्योंकि वह स्थिति को संभालने में विफल रही हैं।
निर्भया की मां ने यह भी कहा कि जब तक केंद्र और राज्य सरकारें बलात्कारियों के लिए कोर्ट से शीघ्र सजा दिलाने के प्रति गंभीर नहीं होंगी, तब तक देश के विभिन्न हिस्सों में हर दिन ऐसी क्रूरताएं होती रहेंगी। उन्होंने कहा कि जब कोलकाता के मेडिकल कॉलेज में लड़कियां सुरक्षित नहीं हैं और उनके साथ ऐसी बर्बरता की जाती है, तो देश में महिला सुरक्षा की स्थिति को समझा जा सकता है।
आशा देवी ने कहा कि इस मुद्दे पर बनर्जी विरोध-प्रदर्शन करके लोगों को ध्यान भटकाने की कोशिश कर रही हैं। बनर्जी ने इस सप्ताह एक रैली का नेतृत्व किया था, जिसमें मामले के दोषियों को मौत की सज़ा देने की मांग की गई थी।
बता दें, 31 साल की लेडी डॉक्टर की 9 अगस्त को कोलकाता के आरजी कर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में ड्यूटी के दौरान बलात्कार के बाद हत्या कर दी गई थी। देश भर में उसके सहकर्मी और डॉक्टर उसके लिए न्याय की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। देशव्यापी विरोध प्रदर्शन के बीच केंद्र ने सभी राज्यों को निर्देश जारी कर हर दो घंटे में कानून-व्यवस्था की स्थिति पर रिपोर्ट देने को कहा है। अधिसूचना के अनुसार, गृह मंत्रालय ने देश के सभी राज्य पुलिस बलों को हर दो घंटे में मेल, फैक्स या व्हाट्सएप के जरिए रिपोर्ट भेजने का निर्देश दिया है।