भारतीय मूल की अमेरिकी नागरिक डॉ. आरती प्रभाकर का चयन अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन ने अपने शीर्ष वैज्ञानिक सलाहकार के तौर पर किया है। बाइडन ने डॉ आरती प्रभाकर को देश के विज्ञान और प्रौद्योगिकी नीति कार्यालय (ओएसटीपी) की निदेशक के रूप में नामित किया है। उनके इस प्रस्ताव को सीनेट द्वारा मंजूरी मिल जाती है तो ओएसटीपी के निदेशक का पद संभालने वाली डॉ आरती प्रभाकर पहली महिला होंगी।
आरती प्रभाकर ओएसटीपी में एरिक लैंडर का स्थान लेंगी। एरिक को दफ्तर में खराब माहौल बनाने के आरोपों के चलते इस्तीफा देना पड़ा था। आरती इसके पहले 1993 में क्लिंटन प्रशासन ने राष्ट्रीय मानक और प्रौद्योगिकी संस्थान (NIST) की प्रमुख रह चुकी हैं। इसके बाद ओबामा प्रशासन ने प्रभाकर को डिफेंस एडवांस्ड रिसर्च प्रोजेक्ट्स एजेंसी (DARPA) का प्रमुख बनाया था।
अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन का कहना है कि डॉ प्रभाकर बेहतरीन इंजीनियर व वैज्ञानिक हैं। वो हमारी सबसे कठिन चुनौतियों को हल करने और असंभव को संभव बनाने के लिए विज्ञान व प्रौद्योगिकी नीति कार्यालय का नेतृत्व करेंगी। बाइडन ने कहा कि सीनेट उनके नामांकन पर विचार करेगी।
जानिए कौन हैं आरती प्रभाकर
डॉ. आरती प्रभाकर का जन्म दिल्ली में हुआ था। उनकी शुरुआती पढ़ाई टेक्सास में हुई। उन्होंने टेक्सास की टेक यूनिवर्सिटी से इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग में डिग्री 1979 में हासिल की थी। जबकि मास्टर ऑफ साइंस की डिग्री 1980 में उन्हें मिली। 1984 में कैलिफोर्निया इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी से पीएचडी करने के बाद वह संघीय सरकार के लिए काम करने चली गईं।
वो पहली महिला हैं जिन्होंने एप्लाईड फिजिक्स में Caltech से डाक्टरेट किया। उन्होंने 30 जुलाई 2012 से 20 जनवरी 2017 तक यूनाइटेड स्टेट्स डिफेंस एडवांस्ड रिसर्च प्रोजेक्ट्स एजेंसी (DARPA)की प्रमुख की जिम्मेदारी संभाली। वह एक गैर-लाभकारी संगठन एक्चुएट (Actuate) की संस्थापक और सीईओ हैं। उन्होंने 1993 से 1997 तक राष्ट्रीय मानक और प्रौद्योगिकी संस्थान (NIST) का नेतृत्व किया और इसकी प्रमुख बनने वाली पहली महिला रहीं।