Kerala Rains Today, Kerala Floods 2018 News, Mullaperiyar Dam, Idukki Dam Water Level Today 2018 Latest News: केरल में भारी बारिश ने कहर बरपा रखा है। मौसम विभाग ने वायनाड, कोझिकोड़, कन्‍नूर, कसरगोड़, मलाप्‍पुरम, पलक्‍कड़, इडुक्‍की और एर्नाकुलम जिलों में भारी बारिश को देखते हुए रेड अलर्ट जारी किया है। कोच्चि अंतरराष्‍ट्रीय हवाई अड्डा शनिवार दोपहर 2 बजे तक बंद कर दिया गया है। बारिश और पेरिनार नदी पर बांधों के द्वार खोले जाने के चलते बाढ़ के हालात बन जाने के बाद यह फैसला किया गया है। हवाईअड्डे के निदेशक ए.सी.के. नायर ने इसे ‘अभूतपूर्व’ कदम बताया।

नायर ने कहा, “बुधवार रात से इडुक्की, मुल्लापेरियार, इडमलयार बांधों को खोल दिया गया है। छोड़ा गया पानी हवाईअड्डे के नजदीक से निकली पेरियार नदी और उसकी सहायक नदियों तक पहुंच गया है और अब सामान्य स्तर से ऊपर हो गया है जिससे पानी हमारे परिचालन क्षेत्र में पहुंच रहा है।” उन्होंने कहा, “पानी के कम होने के बाद वह क्षेत्र साफ करने में हमें 24 घंटे लगेंगे। इसके बाद उड़ानें शुरू की जा सकेंगी। जल स्तर अगर उम्मीद से ज्यादा रफ्तार से कम होगा तो परिस्थिति अलग हो सकतीं हैं। फिलहाल हमने हवाईअड्डे को 18 अगस्त को दोपहर दो बजे तक बंद रखने का निर्णय लिया है।”

Live Blog

Kerala Rains Today, Kerala Floods 2018 News, Mullaperiyar Dam, Idukki Dam Water Level Today 2018 Latest News: 

15:17 (IST)15 Aug 2018
बाढ़ के बावजूद स्‍वतंत्रता दिवस कार्यक्रमों में उमड़े लोग

विजयन ने लोगों से मुख्यमंत्री आपदा राहत कोष में उदारतापूर्वक सहयोग देने का आग्रह किया। केरल और इसकी राजधानी में मूसलाधार बारिश के बीच विजयन ने स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम में परेड की सलामी ली। ऐसी ही परेड राज्य के सभी जिला मुख्यालयों में आयोजित की गईं। बाढ़ के बावजूद ज्यादातर स्थानों पर स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम में लोगों की सक्रिय उपस्थिति देखी गई।

14:59 (IST)15 Aug 2018
बाढ़ पीड़ितों की मदद कर मनाएं स्वतंत्रता दिवस : पिनारई विजयन

केरल के सीएम पिनराई विजयन ने बुधवार को जनता से राज्य में पिछले 94 वर्ष में आई सबसे भीषण बाढ़ से निपटने में अधिक से अधिक सहयोग करने का आग्रह किया। बुधवार को उन्होंने तेज बारिश में भीगते हुए स्वतंत्रता दिवस समारोह मनाया। यहां 72वीं स्वतंत्रता दिवस परेड को संबोधित करते हुए विजयन ने लोगों से हर संभव सहयोग करने की अपील करते हुए कहा कि राज्य इस समय सबसे भीषण प्राकृतिक आपदा का सामना कर रहा है। उन्होंने कहा, "इस वर्ष हम ऐसे समय स्वतंत्रता दिवस मना रहे हैं जब बाढ़ ने पूरे राज्य में तबाही मचाई हुई है। राज्य ने ऐसी विपदा का सामना पहले कभी नहीं किया। लेकिन, अगर हम सब एक हो जाएं तो हम किसी भी आपदा का सामना कर लेंगे।"

14:45 (IST)15 Aug 2018
एर्नाकुलम के 117 राहत कैंपों में 17,974 लोग

राज्‍य में भारी बारिश के मद्देनजर एर्नाकुलम जिले के 117 राहत कैंपों में 17,974 लोग स्‍थानांतरित किए गए हैं। कोच्चि हवाई अड्डा के एक प्रवक्ता ने बताया कि बढ़ते हुये जलस्तर को देखते हुये शनिवार दोपहर दो बजे तक अस्थायी रूप से, कोच्चि हवाई अड्डे पर विमानों का परिचालन बंद कर दिया गया है।

14:28 (IST)15 Aug 2018
कोनडोट्टी में दंपत्ति की मौत

जिला प्रशासन ने बताया कि कोनडोट्टी में मंगलवार देर रात एक बजे एक घर पर मिट्टी का बड़ा ढेर गिर जाने के कारण एक दंपत्ति की जान चली गयी। पीड़ित दंपत्ति के साथ उसी कमरे में सोये छह वर्षीय उनके बच्चे की तलाश की जा रही है। एक अन्य घटना में त्रिशूर में एक तार की चपेट में आने से एक मछुआरे की मौत हो गयी।

14:14 (IST)15 Aug 2018
मुन्‍नार में एक की मौत

राज्य में आठ अगस्त से मूसलाधार बारिश होने के कारण इस हवाई अड्डे पर आने वाले विमानों को अन्य हवाई अड्डों की ओर मोड़ दिया गया है। अधिकारिक सूत्रों ने बताया कि कल शाम एक होटल पर मिट्टी का एक टीला गिर जाने के कारण मुन्नार में पड़ोसी राज्य तमिलनाडु के रहने वाले एक व्यक्ति की मौत हो गयी और छह अन्य को बचा लिया गया।

13:53 (IST)15 Aug 2018
विशेष अदालतें मुफ्त में देंगी अहम डॉक्‍युमेंट्स

सीएम विजयन ने कहा कि कैबिनेट ने राहत और पुनर्वास कार्यक्रम को शीघ्र लागू करने के लिए एक मंत्रिमंडलीय उपसमिति के गठन का फैसला किया है। उन्होंने कहा, "तीन से 15 सितंबर तक विशेष अदालतें स्थापित की जाएंगी, ताकि जिन लोगों ने अपने मूल्यवान दस्तावेज खोए हैं, उन्हें मुफ्त में उनकी प्रतियां दी जा सकें।"

12:38 (IST)15 Aug 2018
इस साल नहीं होगा ओणम उत्‍सव

केरल के मुख्यमंत्री पिनरई विजयन ने इस साल के ओणम उत्सव को रद्द करने की घोषणा की। शस्योत्सव राज्य भर में मनाए जाने वाले त्योहारों में से एक है। केरल सरकार ने राज्य भर में सांस्कृतिक समारोह आयोजित करने के लिए दी जानी वाली 30 करोड़ रुपये की राशि को मुख्यमंत्री आपदा राहत कोष में देने का फैसला किया है।

12:09 (IST)15 Aug 2018
बाढ़ से 444 गांव प्रभावित

सप्ताह भर चलने वाले यह त्याहोर अगस्त माह में मनाया जाता है। इस बार 25 अगस्त को थिरु ओणम त्योहार पड़ रहा है। उन्होंने कहा, "हमारे राज्य को अबतक की सबसे बड़ी आपदा का सामना करना पड़ रहा है। कुल 444 गांव इससे प्रभावित हुए हैं।" विजयन ने कैबिनेट बैठक के बाद मीडिया को बताया, "ओणम के लिए दिए जाने पैसे राहत के लिए इस्तेमाल किए जाएंगे। हम हमारे प्रयासों में सभी की मदद चाह रहे हैं।"

11:41 (IST)15 Aug 2018
ओडिशा के मुख्यमंत्री ने राज्य में बाढ़ की चेतावनी जारी की

ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने मंगलवार को सभी जिला कलेक्टरों को संभावित बाढ़ की स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहने के निर्देश दिए हैं। मौसम विभाग ने यहां अगले दो दिनों में भारी बारिश की आशंका जताई है। पटनायक ने समीक्षा बैठक के बाद, मूसलाधार बारिश होने की आशंका को देखते हुए सभी जिला कलेक्टरों को किसी भी स्थिति के लिए तैयार रहने के निर्देश दिए हैं।