Kerala High Court: केरल हाई कोर्ट के पूर्व सरकारी सीनियर वकील पीजी मनु पर अपने मुवक्किल से बलात्कार का आरोप लगा है। जिसके बाद मनु ने बुधवार (31 जनवरी) सुबह एर्नाकुलम में पुथेनक्रूज़ डीवाईएसपी के सामने सरेंडर कर दिया। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस बलात्कार के आरोपी को कोर्ट के सामने पेश करने के लिए आगे की कार्रवाई में जुटी है। पीड़िता की याचिका के आधार 29 नवंबर, 2023 को छोटानिकारा पुलिस ने पीजी मनु के खिलाफ मामला दर्ज किया था। जिसके बाद से वो फरार था।

इस मामले में सुप्रीम कोर्ट ने केरल हाई कोर्ट के आदेश को बरकरार रखा था। सुप्रीम कोर्ट ने इस महीने की शुरुआत में उसकी अग्रिम जमानत याचिका खारिज कर दी थी। आरोपी को जब कोई आगे का रास्ता नहीं समझ में आया तो उसने अंत में सरेंडर कर दिया। सुप्रीम कोर्ट ने आरोपी को पुलिस के सामने सरेंडर करने के लिए 10 दिन का वक्त दिया था। शीर्ष अदालत ने कहा था कि आरोपी को 10 दिन के भीतर पुलिस के सामने सरेंडर करना होगा।

हाई कोर्ट द्वारा उसे सरेंडर करने के लिए दो बार मोहलत दिए जाने के बाद पुथेनक्रूज़ पुलिस उपाधीक्षक ने उसके खिलाफ लुकआउट सर्कुलर भी जारी किया था।

याचिकाकर्ता के अनुसार, आरोपी ने अक्टूबर 2023 में उसके साथ कई बार बलात्कार किया। याचिकाकर्ता ने उस पर परेशान करने वाले कॉल करने और अश्लील तस्वीरें और वीडियो साझा करने का भी आरोप लगाया।

आरोपी पर भारतीय दंड संहिता (IPC) की धारा 376 (बलात्कार), 354 (महिला की गरिमा को ठेस पहुंचाना) और 506 (आपराधिक धमकी) और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम के प्रावधानों के तहत मामला दर्ज किया गया था।