कांग्रेस वर्किंग कमेटी की शनिवार को हुई बैठक में पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह के कई बयान चर्चा का विषय बन गए हैं। उन्होंने कांग्रेस के अंदर ही कई सारे स्लीपर सेल होने की बात कर दी है। उनके इस बयान के बाद पार्टी में ही अंदरूनी कलह शुरू होने की संभावना है। दिग्विजय सिंह ने तो राहुल गांधी को भी नसीहत दी है।
आजतक की एक रिपोर्ट के मुताबिक शनिवार को हुई बैठक में सबसे पहले दिग्विजय सिंह ने ही अपनी बात रखी थी। उन्होंने कहा कि पार्टी के अंदर इस समय कई सारे स्लीपर सेल आ चुके हैं, उनकी पहचान करना जरूरी हो गया है। पूर्व सीएम ने आगे बोला कि कांग्रेस आंदोलन और विरोध की बात लगातार कर रही है, लेकिन जमीन पर इसे प्रभावी तरीके से दिखाने के लिए मजबूत संगठन की कमी है। दिग्विजय के मुताबिक अगर बीजेपी को हराना है तो मजबूत संगठन की सबसे बड़ी दरकार है।
वैसे जब दिग्विजय सिंह अपनी बात रख रहे थे, संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल भी प्रतिक्रिया दे रहे थे। उन्होंने जोर देकर कहा था कि पार्टी का संगठन जमीन पर काफी काम कर रहा है, लेकिन कुछ लोग उसे रीट्वीट तक नहीं करते। इस पर दिग्विजय सिंह ने भी पलटवार करते हुए बोलल दिया कि कांग्रेस में कई स्लीपर सेल मौजूद हैं, उनकी पहचान करनी होगी। वैसे इससे पहले दिग्विजय सिंह का एक सोशल मीडिया पोस्ट भी विवाद का विषय बना, बीजेपी ने उसे सच्चाई का सबसे बड़ा आईना तक बता दिया।
असल में दिग्विजय सिंह ने एक्स पर लिखा था कि Quora site पर मुझे यह चित्र मिला। बहुत ही प्रभावशाली है। किस प्रकार RSS का ज़मीनी स्वयं सेवक व जनसंघ/बीजेपी का कार्यकर्ता नेताओं की चरणों में फर्श पर बैठकर प्रदेश का मुख्यमंत्री व देश का प्रधानमंत्री बना। यह संघठन की शक्ति है। जय सिया राम। दिग्विजय सिंह ने इसके साथ ही अपने एक अन्य पोस्ट में कांग्रेस के भीतर संगठनात्मक सुधारों की जरूरत की ओर भी इशारा किया। उन्होंने राहुल गांधी को टैग करते हुए कहा कि सामाजिक और आर्थिक मुद्दों पर राहुल गांधी की समझ बिल्कुल सटीक है और इसके लिए उन्हें पूरे अंक मिलते हैं, लेकिन अब समय आ गया है कि वे भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के संगठन पर भी उतना ही ध्यान दें।
ये भी पढ़ें- RSS की तारीफ क्यों कर रहे हैं दिग्विजय
