यूपी के कासगंज से बड़ी खबर सामने आ रही है। यहां माघ पूर्णिमा के मौके पर गंगा नहाने जा रहे श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर ट्राली के तालाब में पलट जाने से 27 लोगों की मौत हो गई। घटना के बाद गांव के लोग इकट्ठा हो गए। गांव के लोगों ने राहत-बचाव का काम शुरु कर दिया है। हादसे में कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। हादसे की खबर पर पीएम नरेंद्र मोदी ने शोक जताया है। उन्होंने परिजन के लिए सदभावना व्यक्त की है।

जानकारी के अनुसार, सभी लोग माघ पूर्णिमा के मौके पर पटियाली के कादरगंज गंगा घाट पर स्नान करने जा रहे थे। यूपी सीएम योगी आदित्यनाथ ने हादसे का संज्ञान लिया है। सीएम ने मृतकों के परिजन के लिए संवेदना व्यक्त की है। इसके साथ ही योगी ने अधिकारियों को मौक पर पहुंचने का आदेश दिया है। उन्होंने घायलों के उचित इलाज के लिए व्यवस्था करने का आदेश दिया है।

मृतकों को दो लाख रुपए और घायलों को 50 हजार का मुवाअजा

घटना पर कासगंज की DM सुधा वर्मा ने बताया, “ट्रॉली में करीब 25-30 लोग सवार थे। गांव वालों ने समय से सभी को बाहर निकाला है… शासन ने निर्णय लिया है कि मृतकों के परिजनों को 2 लाख रुपए और घायलों को 50 हजार रुपए दिए जाएंगे। आगे की जांच की जा रही है।”

कासगंज के SP ने दी जानकारी

कासगंज के SP अपर्णा रजत कौशिक ने बताया, “थाना क्षेत्र पटियाली में ट्रॉली से कुछ श्रद्धालु जा रहे थे और उनकी ट्रॉली का नियंत्रण बिगड़ने से ट्रॉली तालाब में गिर गई। पुलिस की टीमें मौके पर पहुंची हैं और ग्रामीणों की सहायता से लोगों को निकाल कर अस्पताल पहुंचाया गया”।

सात बच्चों और आठ महिलाओं मौत

दरअसल, सभी श्रद्धालु कासगंज जिले के पटियाली थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह गंगा स्नान करने जा रहे थे। रास्ते में पटियाली-दरियावगंज मार्ग पर ट्रैक्टर-ट्रॉली एक तालाब में पलट गई। जिससे सात बच्‍चों और आठ महिलाओं समेत 27 लोगों की मौत हो गई। वहीं कई अन्य घायल हो गए।

उत्‍तर प्रदेश के मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ ने हादसे पर गहरा शोक प्रकट किया और मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख और घायलों को 50-50 हजार रुपये आर्थिक सहायता देने का निर्देश दिया। पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) शलभ माथुर ने शनिवार को मीडियो को बताया कि वह मंडलायुक्त के साथ मौके पर जा रहे हैं। उन्‍होंने बताया कि ट्रैक्टर-ट्रॉली सवार श्रद्धालु एटा के जैथरा से कासगंज में गंगा स्नान करने जा रहे थे तभी पटियाली-दरियावगंज मार्ग पर ओवरटेक करने के चक्कर में संतुलन बिगड़ गया।

उन्होंने आगे बताया कि इसके बाद ट्रैक्टर-ट्रॉली सात-आठ फुट गहरे दलदली तालाब में पलट गई, जिससे सात बच्‍चे और आठ महिलाओं समेत 27 लोगों की मौत हो गई। लगभग 15 से 20 घायल लोगों का अस्‍पताल में उपचार चल रहा है। उन्‍होंने आगे कहा कि जल्द पोस्टमार्टम कराकर शवों को परिजनों को सौंप दिया जाएगा। माथुर ने कहा कि मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख और घायलों को 50-50 हजार रुपये आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है।

सीएम योगी ने जताया दुख

सीएम योगी आदित्‍यनाथ ने सोशल मीडिया ‘एक्‍स’ पर अपने शोक संदेश में कहा, ”जनपद कासगंज में सड़क दुर्घटना में हुई जनहानि अत्यंत हृदय विदारक है। मेरी संवेदनाएं शोकाकुल परिजनों के साथ हैं। जिला प्रशासन के अधिकारियों को सभी घायलों के समुचित निःशुल्क उपचार के निर्देश दिए गये हैं। प्रभु श्री राम से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्माओं को शांति तथा घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ प्रदान करें।