अयोध्या में राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा समारोह का आयोजन 22 जनवरी को है। इस बीच कर्नाटक कांग्रेस के एक मुस्लिम विधायक ने बड़ा बयान दिया है। कांग्रेस विधायक एचए इकबाल हुसैन ने भगवान राम के प्रति अपनी आस्था व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि राम हमारे पारिवारिक देवता हैं और हमने बचपन से ही सरस्वती, लक्ष्मी, गणेश और राम सहित विभिन्न देवताओं की पूजा की है।
इकबाल हुसैन का बड़ा बयान
इकबाल हुसैन ने कहा, “मैं राम भक्त हूं और इसके बारे में कोई दूसरा विचार नहीं है। राम हमारे कुलदेवता भी हैं और मैं उनका परम भक्त हूं। हमारे पास उनके (राम) के लिए एक पूजा का कमरा भी है।”
वहीं इकबाल हुसैन ने बीजेपी पर भी निशाना साधा गुरुवार को इकबाल हुसैन ने कहा, “भाजपा राजनीतिक लाभ के लिए धार्मिक भावनाओं का फायदा उठाती है। कांग्रेस पार्टी एकता पर केंद्रित विचारधारा रखती है और लोगों को विभाजित करने के लिए धर्म का उपयोग करने से बचती है। मैंने सभी राजनीतिक दलों को भव्य लेकिन धर्मनिरपेक्ष तरीके से शामिल करते हुए भक्ति के साथ ‘रामोत्सव’ मनाने का फैसला किया है।”
सोनिया गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे को मिला है न्योता
अयोध्या में राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा का कार्यक्रम 22 जनवरी को है। वहीं कांग्रेस से कई नेता राम मंदिर के दर्शन के लिए 22 जनवरी से पहले ही जा सकते हैं। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने इसके लिए हरी झंडी दे दी है। बता दें कि सोनिया गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे को राम मंदिर कार्यक्रम में शामिल होने का न्योता दिया गया है। हालांकि अभी तक उन्होंने अपने कार्यक्रम को ग्रीन सिग्नल नहीं दिया है।
देश के प्रमुख राष्ट्रीय दलों के नेताओं को राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम में शामिल होने के लिए न्योता दिया गया है। सीपीआईएम के नेता न्योता मिलने के बाद भी कार्यक्रम में जाने को ना कह चुके हैं। वहीं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा है कि जब भगवान बुलाएंगे, तब हम जाएंगे। हालांकि अभी तक उन्हें न्योता नहीं दिया गया है। राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम में करीब 7000 विशिष्ट व्यक्ति शामिल होंगे, जिनमें 4000 से अधिक संत होंगे।