Karnataka Assembly By-Election Results 2020: दिवाली से पहले बीजेपी को बिहार विधानसभा चुनाव के साथ ही उपचुनावों में भी बड़ा तोहफा मिला है। कई राज्यों में उपचुनावों में जीत के साथ ही कर्नाटक की दो सीटों पर भी पार्टी ने अपना परचम लहराया है। राजराजेश्वरीनगर सीट पर बीजेपी ने 58 हजार से ज्यादा वोटों से जीत हासिल की है। बीजेपी के मुनित्न ने कांग्रेस के उम्मीदवार कुसुमा को मात दी, जिन्हें 67798 वोट ही मिले हैं। वहीं बीजेपी को 125734 वोट हासिल हुए हैं। राजराजेश्वरी नगर (आर. आर. नगर) सीट से 16 प्रत्याशी मैदान में थे।
तुमकुरु जिले की सीरा सीट से भी बीजेपी के ही कैंडिडेट राजेश गौड़ा को जीत हासिल हुई है। उन्हें 74522 वोट मिले हैं, जबकि कांग्रेस कैंडिडेट टीबी जयचंद्र को 61573 वोट मिले हैं। आरआर नगर सीट को कांग्रेस और बीजेपी दोनों के लिए चुनौती माना जा रहा था, लेकिन बीजेपी ने जीत हासिल कर अपनी बढ़त दर्ज करा दी है।
यह निर्वाचन क्षेत्र बेंगलुरु ग्रामीण लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र का हिस्सा है, जिसका प्रतिनिधित्व डी के सुरेश करते हैं। वह कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष डी के शिवकुमार के भाई हैं। दोनों सीटों पर उपचुनाव के संबंध में कर्नाटक विधानसभा में विपक्षी पार्टी कांग्रेस के नेता सिद्धरमैया का कहना था कि आरआर नगर में भाजपा और कांग्रेस के बीच सीधी टक्कर होगी जबकि सीरा सीट पर भाजपा-कांग्रेस-जद(एस) के बीच त्रिकोणीय मुकाबला होगा।
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा था कि उपचुनावों में सत्तारूढ़ दल के जीतने की संभावना ज्यादा होती है, लेकिन उन्होंने कांग्रेस के जीतने की आशा भी जतायी थी। सिद्धरमैया ने कहा था, ‘आर. आर. नगर में टक्कर हमारे (कांग्रेस) और भाजपा के बीच है। वहीं सीरा में यह त्रिकोणीय मुकाबला होगा, मैं सच बता रहा हूं। लेकिन कांग्रेस को दोनों दलों पर बढ़त हासिल है।’ 2018 में हुए विधानसभा चुनाव में दोनों ही सीटों पर बीजेपी का शिकस्त का सामना करना पड़ा था।