लोकसभा चुनाव के बीच कांग्रेस नेता कन्हैया कुमार ने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की पत्नी सुनीता केजरीवाल से मुलाकात की है। दोनों की मुलाकात कांग्रेस और आप पार्टी के लिए महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
कन्हैया कुमार ने सुनीता केजरीवाल से ऐसे मौकों पर मुलाकात की है जब दिल्ली के मुख्यमंत्री कथित शराब घोटाला मामले में ED की रिमांड पर तिहाड़ जेल में बंद हैं। जबकि पूरे देश में लोकसभा चुनाव की धूम मची हुई है। 7 चरणों में होने वाले चुनाव का 2 चरण संपन्न हो चुका है। लोकसभा चुनाव में कांग्रेस ने कन्हैया कुमार को दिल्ली की नार्थ-ईस्ट सीट से प्रत्याशी बनाया है। ऐसे में कांग्रेस-आप गठबंधन को मजबूत करने और अपने चुनाव कैपेन के तहत भी ये मुकालात खास मानी जा रही है।
कन्हैया कुमार और आप गठबंधन के विरोध में लवली ने दिया था इस्तीफा
जहां एक तरफ दिल्ली प्रदेश कांग्रेस पूरी तरह से कन्हैया कुमार के नार्थ-ईस्ट दिल्ली से प्रत्याशी बनाए जाने और आम आदमी पार्टी से गठबंधन होने का विरोध कर रही है तो वहीं दूसरी ओर कांग्रेस नेता के सुनीता केजरीवाल के साथ मुलाकात इस बात के संकेत हैं कि कांग्रेस का केंद्रीय नेतृत्व अरविंदर सिंह लवली समेत हुए कई इस्तीफों को कितने गंभीरता से ले रहा है।
दो पूर्व विधायकों ने भी दिया इस्तीफा
आपकी जानकारी के लिए बता दें कि हाल ही में दिल्ली कांग्रेस में अध्यक्ष की भूमिका निभा रहे अरविंदर सिंह लवली ने अपने पद से इसी बात को लेकर इस्तीफा दिया था कि आप गठबंधन की वजह से दिल्ली कांग्रेस के कार्यकर्ता अपने को अपमानित महसूस कर रहे हैं। इसके अलावा आज ही कांग्रेस के दो पूर्व विधायक नीरज बसोया और नसीब सिंह ने भी इस्तीफा दे दिया है। दोनों पूर्व विधायकों ने भी आप गठबंधन और कन्हैया कुमार को प्रत्याशी बनाए जाने से नाराजगी जताई है।
कन्हैया कुमार दिल्ली की नार्थ-ईस्ट सीट उम्मीदवार हैं। जहां से बीजेपी के मौजूदा सांसद और भोजपुरी सुपरस्टार मनोज तिवारी ताल ठोक रहे हैं। मनोज तिवारी इस सीट से 2019 और 2014 का चुनाव बीजेपी के टिकट पर जीत चुके हैं।