झारखंड विधानसभा चुनाव में आज प्रथम चरण का मतदान संपन्न हुआ। आज पहले चरण में 81 में से 43 सीटों पर 66.18% वोट डाले गए। जिन सीटों पर वोट डाले गए, उनमें मुख्य रूप से आदिवासी बहुल दक्षिणी छोटानागपुर, उत्तरी पलामू और कोल्हान क्षेत्रों में स्थित हैं। आज मतदान करने वाली सीटों में से 20 अनुसूचित जनजाति (ST) और 6 अनुसूचित जाति (SC) के लिए आरक्षित हैं। बीजेपी ने अपने संकल्प पत्र के हिस्से के रूप में 25 वादे पेश किए हैं जबकि इंडिया गठबंधन ने शिक्षा, अधिवास नीति, सामाजिक न्याय, भोजन, मैय्या सम्मान योजना, नौकरी और किसानों के कल्याण के क्षेत्र में ‘सात गारंटी’ दी हैं।

कौन-कौन से प्रमुख प्रत्याशी हैं पहले चरण के चुनावी मैदान में?

प्रमुख प्रत्याशियों में, पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा उम्मीदवार चंपई सोरेन सरायकेला सीट पर झामुमो प्रतिद्वंद्वी गणेश महली के खिलाफ उतरेंगे। चंपई के बेटे बाबूलाल सोरेन को घाटशिला में भगवा पार्टी ने झामुमो उम्मीदवार और झारखंड के कैबिनेट मंत्री राम दास सोरेन के खिलाफ मैदान में उतारा है। पूर्व कांग्रेस सीएम मधु कोड़ा की पत्नी, पूर्व सांसद गीता कोड़ा, जगनाथपुर में मौजूदा कांग्रेस विधायक सोना राम सिंकू के खिलाफ भाजपा के टिकट पर चुनाव लड़ेंगी। पोटका में बीजेपी के पूर्व सीएम और पूर्व केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा की पत्नी मीरा मुंडा मौजूदा विधायक संजीब सरदार के खिलाफ मैदान में हैं।

आपराधिक मामलों वाले उम्मीदवार

इस चरण की 43 सीटों में से 29 (67%) सीटों पर कम से कम तीन या अधिक उम्मीदवारों पर आपराधिक मामले हैं। बरकट्ठा सीट पर ऐसे सबसे ज्यादा 11 उम्मीदवार हैं। बीजेपी के 20 उम्मीदवार (पहले चरण में कुल उम्मीदवारों का 56%), झामुमो के 11 (48%), कांग्रेस के ​​11 (65%), राजद के 3 (60%), एजेएसयूपी के 3 (75%), जद(यू) के 2 (100%), एलजेपी(आरवी) के 1 (100%) उम्मीदवारों पर क्रिमिनल केस हैं।

झारखंड विधानसभा चुनाव में आज कितनी सीटों पर मतदान होगा?

झारखंड चुनाव के लिए आज पहले चरण में 43 सीटों पर वोट डाले जाएंगे।

झारखंड विधानसभा में कुल कितनी सीटें हैं?

झारखंड विधानसभा में कुल 81 सीटें हैं।

43 सीटों में से कितनी सीटें आरक्षित कोटे के लिए हैं?

43 निर्वाचन क्षेत्रों में 17 सामान्य सीटें, 20 अनुसूचित जनजाति के लिए और 6 अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित हैं।

Live Updates
22:22 (IST) 13 Nov 2024
Jharkhand Vidhan Sabha Chunav 2024 LIVE: झारखंड में डाले गए 66.18% वोट

Jharkhand Vidhan Sabha Chunav 2024 LIVE: झारखंड विधानसभा चुनाव के प्रथम चरण में बुधवार को 66.18% वोट डाले गए। टर्न आउट ऐप पर दी गई जानकारी के अनुसार, चतरा में 64% मतदान हुआ। पूर्वी सिंहभूम जिले में 67.10%, गढ़वा में 68.42%, गुमला में 69.01%, हजारीबाग में 62.78%, खूंटी में 68.36%, कोडरमा में 62.15%, लातेहार में 67.16%, लोहरदगा में 73.1%, पलामू में 62.97%, रामगढ़ में 66.32%, रांची में 62.56%, सरायकेला में 76.02%, सिमडेगा में 68.76%, पश्चिमी सिंहभूम जिले में 66.87% वोट डाले गए।

18:10 (IST) 13 Nov 2024
Jharkhand Vidhan Sabha Chunav 2024 LIVE: शाम पांच बजे तक 64.86% वोटिंग

Jharkhand Vidhan Sabha Chunav 2024 LIVE: झारखंड विधानसभा चुनाव के पहले चरण में शाम 5:00 बजे तक 64.86% वोट डाले जा चुके हैं। टर्न आउट ऐप पर दी गई जानकारी के अनुसार, झारखंड के हजारीबाग जिले में 59.13%, खूंटी जिले में 68.36%, कोडरमा में 62.00%, लातेहार में 67.16%, लोहरदगा में 73.1%, पलामू में 62.62%, रामगढ़ में 66.32%, रांची में 60.49%, सरायकेला में 72.19%, सिमडेगा में 68.66%, और वेस्ट सिंहभूम में 66.87% वोट डाले गए।

17:08 (IST) 13 Nov 2024
Jharkhand Vidhan Sabha Chunav 2024 LIVE: कांग्रेस ने किया संविधान के साथ खिलवाड़- भाजपा

Jharkhand Vidhan Sabha Chunav 2024 LIVE: भाजपा ने बुधवार को कहा कि कांग्रेस ने झारखंड में प्रचार का शोर थमने और मतदान शुरु होने के बीच की अवधि (साइलेंट पीरियड) के दौरान राज्य विधानसभा चुनाव के लिए घोषणापत्र जारी कर संविधान के साथ खिलवाड़ किया है। पार्टी ने निर्वाचन आयोग से झारखंड में आदर्श आचार संहिता (एमसीसी) के उल्लंघन के लिए कांग्रेस के खिलाफ कार्रवाई करने का आग्रह किया और साथ ही आरोप लगाया कि कांग्रेस ने अल्पसंख्यक समुदाय के सदस्यों को खुश करने के लिए नियमों की धज्जियां उड़ाईं। 

16:12 (IST) 13 Nov 2024
Jharkhand Vidhan Sabha Chunav 2024 LIVE: झारखंड में तीन बजे तक 60% वोटिंग

Jharkhand Vidhan Sabha Chunav 2024 LIVE:  झारखंड में दोपहर 3:00 तक 59.28% वोट डाले जा चुके हैं… राज्य के चतरा जिले में 58.23%, पूर्वी सिंहभूम में 58.72%, गढ़वा में 61.06%, गुमला में 64.59%, हजारीबाग में 57.16%, कुंती में 63.35%, कोडरमा में 58.13%, लातेहार में 62.81%, पलामू में 56.57%, रामगढ़ में 59.22%, रांची में 53.40%, सरायकेला में 66.38%, सिमडेगा में 64.31% और पश्चिमी सिंहभूम 60.35% वोटिंग हो चुकी है।

15:03 (IST) 13 Nov 2024
Jharkhand Vidhan Sabha Chunav 2024 LIVE: पीएम मोदी बोले- जातियों को लड़ा रही कांग्रेस

Jharkhand Vidhan Sabha Chunav 2024 LIVE: देवघर रैली में प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि झामुमो-कांग्रेस ने पानी, जंगल, कोयला और बालू लूटा, अपने लोगों को सरकारी नौकरी दी, आपके बच्चों का भविष्य बर्बाद कर दिया। उन्होंने कहा कि एससी, एसटी और ओबीसी की अधिक आबादी वाले राज्यों से कांग्रेस का सफाया हो गया; अब वह उप-जातियों को एक दूसरे के खिलाफ खड़ा कर रही है।

15:01 (IST) 13 Nov 2024
Jharkhand Vidhan Sabha Chunav 2024 LIVE: झारखंड में किस-किस जिले में कितनी वोटिंग?

झारखंड में दोपहर 1:00 तक 46.25% वोटिंग हो चुकी है। बात अगर जिलों के हिसाब से करें तो चतरा में 45.76%, पूर्वी सिंहभूम में 44.88% गढ़वा में 46.75% गुमला में 52.11%, हजारीबाग में 45.77%, खूंटी में 51.37%, कोडरमा में 47.33%, लातेहार में 50.41%, पलामू में 44%, रामगढ़ में 46.81%, रांची में 40.98%, सरायकेला खरसावां में 50.71%, सिमडेगा में 50.66% और पश्चिमी सिंहभूम में 46.41% वोट डाले जा चुके हैं।

14:44 (IST) 13 Nov 2024
Jharkhand Vidhan Sabha Chunav 2024 LIVE: पीएम मोदी- जेएमएम को सत्ता से हटा देंगे

Jharkhand Vidhan Sabha Chunav 2024 LIVE: देवघर में एक रैली को संबोधित करते हुए पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा कि झारखंड का संथाल परगना नया इतिहास रचने को तैयार है। उन्होंने कहा कि लोग इस बात झामुमो गठबंधन को सत्ता से हटा देंगे। उन्होंने कहा कि झारखंड में घुसपैठ बड़ी समस्या है और संथाल परगना में आदिवासी जनसंख्या घटकर आधी रह गई है। इस दौरान पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा कि झारखंड में झामुमो सरकार ने घुसपैठियों को स्थायी नागरिक बनने की अनुमति दी।

14:35 (IST) 13 Nov 2024
Jharkhand Vidhan Sabha Chunav 2024 LIVE: पीएम मोदी की झारखंड में जनसभा

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने झारखंड में जनसभा को संबोधित करते हुए कहा, “आज झारखंड में पहले चरण का मतदान हो रहा है। ‘रोटी-बेटी और माटी’ को बचाने का संकल्प आज हर बूथ पर दिख रहा है। भाजपा ने नारी शक्ति और नौजवानों के भविष्य के लिए जो गारंटियां दी हैं उनके प्रति भारी समर्थन दिख रहा है। हमारा ये संथाल का क्षेत्र भी इस बार नया इतिहास रचने के लिए तैयार है। संथाल में इस बार JMM-कांग्रेस का सूपड़ा साफ होना तय है।”

14:10 (IST) 13 Nov 2024
Jharkhand Vidhan Sabha Chunav 2024 LIVE: सबसे ज़्यादा मतदान घाटशिला विधानसभा क्षेत्र में

अतिरिक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी नेहा अरोड़ा ने कहा, “1 बजे तक अनुमानित मतदान 46.25% है। सबसे ज़्यादा मतदान घाटशिला विधानसभा क्षेत्र में 53.87%, बहरागोड़ा में 53.86% और खरसावां में 53.68% रहा। आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन के मामले दर्ज किए गए हैं और अब तक मिली जानकारी के अनुसार भवनाथपुर में 2, जमशेदपुर में 3 मामले में FIR दर्ज की गई है।”

13:51 (IST) 13 Nov 2024
Jharkhand Vidhan Sabha Chunav 2024 LIVE: दोपहर 1 बजे तक 46.25% मतदान

निर्वाचन आयोग (ECI) के अनुसार, झारखंड चुनाव के पहले चरण में दोपहर 1 बजे तक 46.25% मतदान दर्ज किया गया।

13:29 (IST) 13 Nov 2024
Jharkhand Vidhan Sabha Chunav 2024 LIVE: जनता पिछले 5 सालों में JMM-कांग्रेस द्वारा किए गए झूठे वादों का हिसाब लेगी- भाजपा प्रत्याशी

जगन्नाथपुर विधानसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी गीता कोड़ा ने मतदान किया। उन्होंने कहा, “हमने मतदान कर दिया है। लोगों ने भाजपा पर अपना विश्वास जताया है। जनता पिछले 5 सालों में JMM-कांग्रेस द्वारा किए गए झूठे वादों का हिसाब लेगी। यहां की खदानें बंद हैं, जिसके कारण बेरोजगारी और पलायन की समस्या है, जैसे ही हमारी सरकार बनेगी, हम इन खदानों को खोलने का प्रयास करेंगे।”

13:07 (IST) 13 Nov 2024
Jharkhand Vidhan Sabha Chunav 2024 LIVE: राहुल गांधी ने की मतदान की अपील

लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने बुधवार को झारखंड के मतदाताओं से अपील की कि वे संविधान और लोकतंत्र को मजबूत करने के लिए वोट डालें और ‘इंडिया’ गठबंधन को डाला गया हर वोट सात गारंटी के माध्यम से उनके जीवन में समृद्धि लाएगा। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने मतदाताओं से लोकतंत्र को मजबूत बनाने का आह्वान करते हुए कहा कि उन्हें ऐसी सरकार बनाने के बारे में सोचना चाहिए जो सभी को सहभागिता प्रदान करे, ना कि विभाजन, ध्रुवीकरण और भ्रमित करे।

12:51 (IST) 13 Nov 2024
Jharkhand Vidhan Sabha Chunav 2024 LIVE: रुझानों के मुताबिक लोग JMM के खिलाफ- मधु कोड़ा

झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा ने कहा, “आज विधानसभा चुनाव के पहले चरण का मतदान हो रहा है। यहां की जनता इस सरकार(JMM) को पूरी तरह से नकार रही है। रुझानों के मुताबिक लोग JMM के खिलाफ हैं, इस बार लोग भाजपा का साथ देंगे। JMM, INDIA गठबंधन सरकार के 5 साल हो गए हैं लेकिन उन्होंने कहीं भी रोजगार नहीं दिया, उन्होंने अपना कोई वादा पूरा नहीं किया। किसान उनसे परेशान हैं, खदानें बंद हैं, लोग इस सरकार के झूठ को समझ चुके हैं।”

12:07 (IST) 13 Nov 2024
Jharkhand Vidhan Sabha Chunav 2024 LIVE: भाजपा और सहयोगी दल कोल्हान क्षेत्र की सभी 14 सीटें जीतेंगे- चंपई सोरेन

झारखंड विधानसभा चुनाव के पहले चरण के दौरान मुख्य मुकाबला पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा नेता चंपई सोरेन और झामुमो के गणेश महली के बीच है। जीत का भरोसा जताते हुए सोरेन ने पीटीआई-भाषा से कहा, ‘‘भाजपा और सहयोगी दल कोल्हान क्षेत्र की सभी 14 सीटें जीतेंगे। इसमें कोई किंतु-परंतु नहीं है।”

11:46 (IST) 13 Nov 2024
Jharkhand Vidhan Sabha Chunav 2024 LIVE: सुबह 11 बजे तक 29.31% मतदान

निर्वाचन आयोग (ECI) के अनुसार, बुधवार सुबह 11 बजे तक झारखंड में 43 निर्वाचन क्षेत्रों में 29.31% मतदान हुआ।

11:25 (IST) 13 Nov 2024
Jharkhand Vidhan Sabha Chunav 2024 LIVE: झारखंड की धरती को बांग्लादेशी घुसपैठियों से बचाना है- चंपई सोरेन

सरायकेला विधानसभा क्षेत्र से बीजेपी प्रत्याशी और पूर्व सीएम चंपई सोरेन कहते हैं, ”.हमें सिद्धो-कान्हो और संथाल की धरती को बांग्लादेशी घुसपैठियों से बचाना है। इसमें कोई शक नहीं कि झारखंड में बीजेपी सरकार बनाएगी। हमारे सामने कुछ मुख्य मुद्दे बांग्लादेशी घुसपैठ, बेरोजगारी और सिंचाई हैं।”

11:18 (IST) 13 Nov 2024
Jharkhand Assembly Election 2024 LIVE: एक तरफ 34 वर्षीय सक्रिय युवा है और दूसरी तरफ 64 वर्षीय निष्क्रिय व्यक्ति मैदान में- कांग्रेस उम्मीदवार

रायपुर दक्षिण विधानसभा सीट से उपचुनाव के लिए कांग्रेस उम्मीदवार आकाश शर्मा ने कहा, “यह चुनाव रायपुर दक्षिण का है। जहां एक तरफ 34 वर्षीय सक्रिय युवा है और दूसरी तरफ 64 वर्षीय निष्क्रिय व्यक्ति मैदान में है। वे दो बार महापौर और एक बार सांसद के रूप में काम कर चुके हैं। फिर भी ऐसा कोई काम उन्होंने नहीं किया है जिसके आधार पर जनता को उन्हें वोट देना चाहिए।”

10:55 (IST) 13 Nov 2024
Jharkhand Assembly Election 2024 LIVE: झारखंड में भी भाजपा की सरकार बन रही- छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय

छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा, ” आज झारखंड प्रदेश में पहले चरण का मतदान है और छत्तीसगढ़ में एक विधानसभा में उपचुनाव के लिए मतदान है। मैं पूरे विश्वास के साथ कह सकता हूं कि झारखंड में भी भाजपा की सरकार बन रही है और रायपुर पूर्व में भी जो हमारे(भाजपा) प्रत्याशी सुनील कुमार सोनी हैं वो जीत रहे हैं।”

10:35 (IST) 13 Nov 2024
Jharkhand Assembly Election 2024 LIVE: अमित शाह ने की मतदान की अपील

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बुधवार को झारखंड के मतदाताओं से भ्रष्टाचार, घुसपैठ और तुष्टीकरण से मुक्त और विकसित राज्य के निर्माण के लिए रिकॉर्ड मतदान की अपील की। शाह ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, “झारखंड के पहले चरण में मतदान के लिए जा रहे सभी मतदाताओं से अपील करता हूं कि वे भ्रष्टाचार, घुसपैठ व तुष्टीकरण मुक्त और विकसित झारखंड के निर्माण के लिए रिकॉर्ड मतदान करें।” उन्होंने कहा, “झारखंड में जनजातीय अस्मिता की रक्षा, महिलाओं की सुरक्षा, युवाओं को रोजगार के लिए बढ़-चढ़कर वोट करें। आज रोटी-बेटी-माटी के लिए पहले मतदान करें, फिर जलपान करें।”

10:26 (IST) 13 Nov 2024
Jharkhand Assembly Election 2024 LIVE: झारखंड को विकसित और भ्रष्टाचार मुक्त बनाना है- भाजपा नेता दीपक प्रकाश

भाजपा नेता दीपक प्रकाश ने कहा, “झारखंड को विकसित और भ्रष्टाचार मुक्त बनाना है, युवाओं को नौकरी और रोजगार देना है, महिलाओं को अत्याचार से बचाना है… यह आने वाली डबल इंजन सरकार का संकल्प है… बांग्लादेशी घुसपैठियों ने झारखंड को बर्बाद कर दिया है… वो भारत को कमजोर करने की साजिश करते हैं।”

10:02 (IST) 13 Nov 2024
Jharkhand Assembly Election 2024 LIVE: चुनावी ड्यूटी कर रहे CRPF जवान को लगी गोली

झारखंड विधानसभा चुनाव के बीच लातेहार में चुनाव ड्यूटी कर रहे एक CRPF जवान को गोली लग गई है। जवान की पहचान संतोष यादव के रूप में हुई है। गोली लगने के बाद जख्मी जवान को इलाज के लिए मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल में भर्ती करवाया गया, जहां डॉक्टर ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए रांची रेफर कर दिया। जख्मी जवान को एयरलिफ्ट कर रांची के बड़े अस्पताल में भर्ती कराने की तैयारी चल रही है।

09:54 (IST) 13 Nov 2024
Jharkhand Assembly Election 2024 LIVE: पीएम मोदी ने की मतदान की अपील

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने झारखंड के सभी मतदाताओं से विधानसभा चुनाव के पहले चरण के तहत बुधवार को जारी मतदान में पूरे उत्साह के साथ भाग लेने की अपील की। प्रधानमंत्री ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, “झारखंड विधानसभा चुनाव में आज पहले दौर की वोटिंग है। सभी मतदाताओं से मेरा आग्रह है कि वे लोकतंत्र के इस उत्सव में पूरे उत्साह के साथ मतदान करें। इस मौके पर पहली बार वोट देने जा रहे अपने सभी युवा साथियों को मेरी बहुत-बहुत बधाई! याद रखें- पहले मतदान, फिर जलपान!”

09:52 (IST) 13 Nov 2024
Jharkhand Assembly Election 2024 LIVE: सुबह 9 बजे तक 13.04% वोटिंग

झारखंड में पहले चरण के लिए जारी मतदान के बीच सुबह 9 बजे तक 13.04% वोटिंग हुई।

09:47 (IST) 13 Nov 2024
Jharkhand Assembly Election 2024 LIVE: केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने किया मतदान

केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने मतदान के बाद कहा, “झारखंड में 43 सीटों पर मतदान हो रहा है। हमारी सभी से अपील है कि लोकतंत्र के महापर्व में जो 5 वर्ष में अवसर मिलता है, अपना प्रतिनिधि चुनने का वो चुनें। राज्य की खुशहाली, विकास, अपनी सरकार बनाने के लिए और वर्तमान भ्रष्ट सरकार को हटाने के लिए NDA के पक्ष में मतदान करें, यही हमारी अपील है।”

09:26 (IST) 13 Nov 2024
Jharkhand Assembly Election 2024 LIVE: राज्यसभा के उपसभापति हरिवंश नारायण सिंह ने मतदान किया

राज्यसभा के उपसभापति हरिवंश नारायण सिंह ने मतदान के बाद कहा, “लोकतंत्र के बारे में यह एक ऐतिहासिक सच है कि ये जनता का, जनता द्वारा,जनता के लिए शासन है। इसकी ताकत का मूल स्रोत मतदान है। यह सबसे सात्विक और पवित्र धर्म व कर्म है और इसी के द्वारा हम लोकतांत्रिक सरकार और जनप्रतिनिधी चुनते हैं।”

09:06 (IST) 13 Nov 2024
Jharkhand Vidhan Sabha Chunav 2024 LIVE: झारखंड की जनता इन 5 सालों में भ्रष्टाचार से तंग आ चुकी- केंद्रीय मंत्री

केंद्रीय मंत्री संजय सेठ ने कहा, “झारखंड की जनता इन 5 सालों में भ्रष्टाचार से तंग आ चुकी है। भाजपा यहां दो तिहाई बहुमत से जीतेगी। क्या झारखंड कोई धर्मशाला है, शरणार्थी केंद्र है? यहां बांग्लादेश से घुसपैठिए बुलाए जा रहे हैं। भाजपा ने संकल्प लिया है कि 24 नवंबर से बांग्लादेशी घुसपैठियों को चुन-चुन कर सीमा से बाहर किया जाएगा। कल यहां के स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता ने कहा कि ‘हिंदू कट्टरपंथी होता है’, वोट बैंक के लिए हिंदू धर्म को गाली देना उनकी परंपरा है।”

08:44 (IST) 13 Nov 2024
Jharkhand Vidhan Sabha Chunav 2024 LIVE: जेएमएम के चुनावी घोषणापत्र में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण

झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कल झारखंड मुक्ति मोर्चा यानी जेएमएम का चुनावी घोषणापत्र जारी किया था। जेएमएम ने वादा किया है कि अगर उसकी सरकार बनती है तो राज्य सरकार की नौकरियों में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण लागू किया जाएगा।

पूरी खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें

08:41 (IST) 13 Nov 2024
Jharkhand Vidhan Sabha Chunav 2024 LIVE: भाजपा उम्मीदवार सीपी सिंह ने किया मतदान

रांची विधानसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार सी.पी. सिंह ने मतदान किया। सीपी सिंह ने कहा, “मैंने अपने मताधिकार का प्रयोग कर लिया है। यह अधिकार के साथ-साथ कर्तव्य भी है। हर व्यक्ति को अपने मताधिकार का प्रयोग करना चाहिए।”

08:27 (IST) 13 Nov 2024
Jharkhand Vidhan Sabha Chunav LIVE: INDIA गठबंधन के प्रत्याशी ने मतदान से पहले की पूजा-अर्चना

जमशेदपुर पूर्वी से INDIA गठबंधन के प्रत्याशी अजय कुमार ने मतदान से पहले पूजा-अर्चना की।

08:17 (IST) 13 Nov 2024
Jharkhand Assembly Election LIVE: महिला ने की ढोल बजाकर लोगों से वोट देने की अपील

झारखंड विधानसभा चुनाव के पहले चरण के मतदान के दौरान एक महिला पारंपरिक ढोल बजाकर लोगों से वोट देने की अपील कर रही है। रांची के मतदान केंद्र संख्या 16 पर यह महिलाएं अपील करती दिखीं।

मुख्य मुकाबले में, पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा उम्मीदवार चंपई सोरेन सरायकेला सीट पर झामुमो प्रतिद्वंद्वी गणेश महाली के खिलाफ मैदान में उतरेंगे। इस बीच, चंपई के बेटे बाबूलाल सोरेन को भाजपा ने घाटशिला में झामुमो उम्मीदवार और झारखंड के कैबिनेट मंत्री रामदास सोरेन के खिलाफ मैदान में उतारा है। पूर्व कांग्रेस सीएम मधु कोड़ा की पत्नी, पूर्व सांसद गीता कोड़ा, जगन्नाथपुर में मौजूदा कांग्रेस विधायक सोना राम सिंकू के खिलाफ भाजपा टिकट पर चुनाव लड़ेंगी। पोटका में, पूर्व भाजपा सीएम और पूर्व केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा की पत्नी मीरा मुंडा मौजूदा विधायक संजीव सरदार के खिलाफ मैदान में हैं।