झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने इशारों में बीजेपी और चंपई सोरेन पर निशाना साधा है। चंपई सोरेन के बीजेपी में जाने की अटकलें हैं और वह आज शाम दिल्ली में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात कर सकते हैं। इस बीच हेमंत सोरेन ने कहा है कि पैसे के दम पर घर और पार्टी तोड़ी जा रही है। हेमंत सोरेन ने कहा कि चुनाव आयोग अब संवैधानिक संस्था नहीं रहा है। हेमंत सोरेन ने कहा कि चुनाव की घंटी हमारे विरोधी भाजपा के पास है और जल्द ही ये बजने वाली है।

बीजेपी डूबता हुआ जहाज- JMM

हालांकि चंपई सोरेन पर झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) का भी बयान आया है। पार्टी ने कहा है कि बीजेपी डूबता हुआ जहाज है और चंपई सोरेन क्रांतिकारी हैं और कहीं नहीं जाएंगे। इस बीच चंपई सोरेन ने दिल्ली पहुंचने के बाद बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि मैं यहां अपने निजी काम से आया हूं। चंपई सोरेन ने कहा कि उनकी बेटी दिल्ली में रहती है, जिसके चलते वे दिल्ली में आते रहते हैं। चंपई ने कहा कि वह अपनी बेटी से मिलने आए हैं।

इस बीच शनिवार को भी पत्रकारों ने भी चंपई सोरेन से बीजेपी में शामिल होने को लेकर सवाल पूछा था। इसके जवाब में चंपई सोरेन ने कहा कि आप लोग ऐसा सवाल क्यों कर रहे हैं? हम इसपर क्या बोले? हम तो आपके सामने हैं। हालांकि उन्होंने भाजपा में शामिल होने की अटकलों को सिरे से खारिज नहीं किया।

झारखंड: क्या हेमंत को चंपई सोरेन देंगे झटका? 6 विधायकों के साथ बीजेपी में हो सकते हैं शामिल

खास बात यह है कि चंपई सोरेन कोलकाता से दिल्ली आए हैं। सूत्र बताते हैं कि कोलकाता में उनकी मुलाकात बीजेपी नेता सुवेंदु अधिकारी से हुई थी। सूत्र ये भी बताते हैं कि चंपई सोरेन सीधे केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान से संपर्क में हैं। बता दें कि शिवराज सिंह चौहान बीजेपी झारखंड के चुनाव प्रभारी हैं।

7 बार के विधायक हैं चंपई

चंपई सोरेन सात बार के विधायक हैं। 2005 से लगातार वह सरायकेला विधानसभा क्षेत्र से विधायक चुने जा रहे हैं। 1991 में वह पहली बार सरायकेला से ही विधायक बने थे और 2019 में चंपई सोरेन को हेमंत सरकार में कैबिनेट मंत्री बनाया गया था। चंपई सोरेन हेमंत सरकार के सबसे ताकतवर मंत्री माने जाते हैं। उनके पास परिवहन, अनुसूचित जनजाति और अनुसूचित जाति और पिछड़ा वर्ग कल्याण का विभाग था।