Jharkhand Exit Polls Results 2019: झारखंड विधानसभा चुनाव के पांचवें और अंतिम चरण में 16 विधानसभा सीटों के लिए शुक्रवार को कुल 71.69 प्रतिशत मतदान रिकार्ड किया गया। चुनाव संपन्न होते ही न्यूल चैनल्स पर एग्जिट पोल ऑन एयर किए गए।झारखंड के मौजूदा मुख्यमंत्री रघुबर दास जनता की पहली पसंद नहीं माने जा रहे बल्कि झारखंड मुक्ति मोर्चा (जेएमएम) के कार्यकारी अध्यक्ष हेमंत सोरेन इस पद के लिए रेस में सबसे आगे हैं।
आज तक-एक्सिस माय इंडिया के पोल सर्वे में सामने आए आंकड़ों से यही तस्वीर सामने आ रही है। पोल में सामने आया है कि 29 प्रतिशत लोग हेमंत सोरेन को मुख्यमंत्री पद पर काबिज होते हुए देखना चाहते हैं जबकि रघुबार दास को 26 प्रतिशत लोग इस पद पर एक बार फिर से मौका देना चाहते हैं। इन दो नेताओं के अलावा पोल में इस पद के लिए अन्य नेताओं के बारे में भी पूछा गया।
इनमें झारखंड विकास मोर्चा (जेवीएम) के नेता बाबूलाल मरांडी 10 प्रतिशत, सुदेश महतो को मुख्यमंत्री के चेहरे के रूप 10 प्रतिशत लोगों ने अपनी पहली पसंद माना। वहीं अर्जुन मुंडा को 6 प्रतिशत, वहीं शिबू सोरेन को 6 प्रतिशत लोग सीएम बनता देखना चाहते हैं। पोल में 10 फीसदी लोगों ने मुख्यमंत्री पद के लिए कोई राय नहीं रखी या फिर किसी अन्य उम्मीदवार को दावेदार माना।
Jharkhand Elections Exit Poll Results 2019
बता दें कि झारखंड विधानसभा चुनाव के परिणाम सोमवार (23 दिसंबर) को घोषित किए जाएंगे। झारखंड विधानसभा का 81 सीटों के लिए 30 नवंबर से 20 दिसंबर तक कुल पांच चरणों में मतदान हुए। राज्य के 81 में से 67 विधानसभा क्षेत्र नक्सल प्रभावित हैं। मतदान की प्रक्रिया लगभग एक महीने चली। पिछले चुनाव (2014) में बीजेपी सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी थी। बीजेपी को कुल 37 और आजसू को 5 सीटें मिली थीं।

