झारखंड विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस पार्टी के प्रभारी गुलाम अहमद मीर ने एक विवादित बयान दिया है। टीवी चैनल्स पर दिखाई जा रही एक वीडियो क्लिप में वे मंच से घुसपैठियों को भी सस्ता सिलेंडर देने का ऐलान करते नजर आ रहे हैं। वीडियो में गुलाम अहमद मीर यह कहते दिखाई दे रहे हैं कि जेएमएम और कांग्रेस पार्टी की सरकार बनने पर सभी को सस्ता सिलेंडर दिया जाएगा। इसमें न हिंदू देखा जाएगा और न मुस्लिम देखा जाएगा। इसके आगे उन्होंने कहा कि घुसपैठियों को भी सस्ता सिलेंडर दिया जाएगा।

न्यूज चैनल्स पर दिखाई जा रही वीडियो में गुलाम अहमद मीर कहते हैं, “हमने वादा किया जनता को जैसे ही सरकार बनेगी, पहली दिसंबर से गैस सिलेंडर की कीमत सिर्फ 450 रुपये होगी। ये आम जनता के लिए है, न उसमें हिंदू देखा जाएगा और न उसमें मुसलमान देखा जाएगा। न घुसपैठिए देखा जाएगा और न ही कुछ और चीज देखा जाएगा। जो भी झारखंड वासी हैं, वो किसी भी तबके से हो, उसे 450 रुपये में गैस सिलेंडर दिया जाएगा। ये हमारा वादा है।”

हालांकि वीडियो में वायरल होते ही गुलाम अहमद मीर अपने बयान से पलट गए। उन्होंने मीडिया से कहा कि उनके बयान को तोड़-मरोड़ कर पेश किया जा रहा है। कांग्रेस पार्टी बिना भेदभाव लोगों की मदद करती है। उन्होंने कहा कि बीजेपी जिनको घुसपैठिया कह रही है, वे आम जनता को बता नहीं पाए, वो दस साल भारत सरकार में रहकर घुसपैठियों की पहचान नहीं कर पाए हैं। उन्होंने कहा कि हम सरकार बनने पर झारखंड के लोगों की बिना भेदभाव मदद करेंगे।

‘2004 से 2014 तक मैडम सोनिया गांधी चलाती थीं सरकार’, PM Modi बोले- मनमोहन सिंह तो केवल…

बीजेपी ने झारखंड में घुसपैठ को बनाया बड़ा मुद्दा

झारखंड विधानसभा चुनाव का प्रथम चरण हो चुका है। राज्य में दूसरे चरण का मतदान बाकी है। बीजेपी ने चुनाव की शुरूआत से ही यहां बांग्लादेशी घुसपैठ को बड़ा मुद्दा बनाया हुआ है। गृह मंत्री अमित शाह ने गुरुवार को गिरिडीह में एक जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि बीजेपी की सरकार बनने पर राज्य से नक्सलवाद और घुसपैठ को खत्म किया जाएगा। उन्होंने कहा कि अगर बीजेपी झारखंड में सत्ता में आती है तो SIT से JMM गठबंधन के नेताओं के भ्रष्टाचार की जांच कराई जाएगी और उन्हें सलाखों के पीछे डाला जाएगा।

योगी बोले- घुसपैठियों को बसाकर JMM ने पैदा किया  प्रदेश के अस्तित्व के लिए खतरा

यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने भी गुरुवार को झारखंड में रैली को संबोधित किया। उन्होंने धनबाद में एक रैली को संबोधित करते हुए कहा कि JMM गठबंधन की सरकार बांग्लादेशी घुसपैठियों और अवैध रोहिंग्या प्रवासियों को यहां बसने की इजाजत देकर राज्य के अस्तित्व के लिए खतरा पैदा कर रही है। उन्होंने रैली में कहा, “उत्तर प्रदेश की तरह झारखंड में भी ‘लव जिहाद, भूमि जिहाद’ को खत्म करने के लिए डबल इंजन वाली सरकार सुनिश्चित करें।”