Jammu-Kashmir Assembly Election 2024, J&K Vidhan Sabha Chunav Seat: जम्मू कश्मीर में श्री माता वैष्णो देवी सीट राज्य की 90 विधानसभा सीटों में से एक है। यह सीट जम्मू लोकसभा सीट में पड़ती है। श्री माता वैष्णो देवी विधानसभा सीट मई 2022 में परिसीमन के बाद रियासी विधानसभा सीट से काटकर बनाई गई थी। रियासी जिले में तीन विधानसभा सीटें हैं। इनमें श्री माता वैष्णो देवी (Mata Vaishno Devi), गुलाबगढ़ और रियासी विधानसभा सीटें शामिल हैं।
साल 2022 में अस्तित्व में आई श्री माता वैष्णो देवी सीट
परिसीमन के बाद साल 2022 में अस्तित्व में आई श्री माता वैष्णो देवी विधानसभा पर दिलचस्प मुकाबला देखने को मिल सकता है। चुनाव को लेकर सभी पार्टियां पूरा जोर लगा रही हैं। जिस पार्टी का प्रत्याशी यहां से जीत दर्ज करेगा, उसका मानो इतिहास लिखा जाएगा। वह इस विधानसभा क्षेत्र का पहला विधायक भी होगा।
बीजेपी के बलदवे राज शर्मा और कांग्रेस के भूपिंदर सिंह में सीधी टक्कर
श्री माता वैष्णो देवी सीट सीट पर मुख्य मुकाबला भाजपा के बलदेव राज शर्मा, कांग्रेस के भूपिंदर सिंह और पूर्व मंत्री और निर्दलीय उम्मीदवार जुगल किशोर शर्मा के बीच है। ऐसे में भाजपा के उम्मीदवार की मुश्किलें बढ़ी हुई हैं। उन्हें पार्टी की शुरुआती पसंद रोहित दुबे के समर्थकों के विरोध का सामना करना पड़ रहा है। हालांकि पार्टी का कहना है कि अब कोई विवाद नहीं है और दोनों गुट एकजुट होकर चुनाव लड़ेंगे।
वहीं मतदाताओं में 10 साल बाद मताधिकार का इस्तेमाल करने को लेकर अलग जोश है। साथ में उनकी मांगें भी हैं। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, इस सीट पर बारीदार समुदाय की आबादी करीब 15,000 है। उन्होंने अपनी पुरानी मांगें पूरी करने के लिए बारीदार संघर्ष समिति के अध्यक्ष श्याम सिंह को निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में चुनाव मैदान में उतारा है।
श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड के गठन से पहले इस समुदाय के लोग वैष्णो देवी मंदिर का मैनेजमेंट करते थे। जम्मू कश्मीर में 18 सितंबर, 25 सितंबर और एक अक्टूबर को तीन दौर में वोटिंग होगी। श्री माता वैष्णो देवी सीट पर 25 सितंबर को वोटिंग है। दुनिया भर में मशहूर माता वैष्णो देवी मंदिर त्रिकुटा पहाड़ियों पर 5,200 फीट की ऊंचाई पर है। यहां हर साल भारी संख्या में श्रद्धालु आते हैं।