जम्मू कश्मीर में बीजेपी ने अपने नए प्रदेश अध्यक्ष की घोषणा कर दी है। बीजेपी ने सत शर्मा को जम्मू कश्मीर का नया प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया है। सत शर्मा, रविंदर रैना की जगह लेंगे, जो पिछले 6 साल से प्रदेश अध्यक्ष थे। वहीं रविंदर रैना को पार्टी के राष्ट्रीय कार्यकारिणी का सदस्य बनाया गया है।विधानसभा चुनाव से पहले ही सत शर्मा को जम्मू कश्मीर प्रदेश का कार्यकारी अध्यक्ष पार्टी ने बना दिया था।
सत शर्मा का राजनीतिक करियर
बीजेपी ने बीते विधानसभा चुनाव में सत शर्मा को टिकट नहीं दिया था। 2014 में सत शर्मा ने जम्मू वेस्ट विधानसभा सीट से जीत दर्ज की थी लेकिन इस बार उनका टिकट काटकर अरविंद गुप्ता को दे दिया गया। हालांकि अरविंद गुप्ता ने बड़ी जीत दर्ज की।
सत शर्मा को दूसरी बार जम्मू कश्मीर बीजेपी का अध्यक्ष बनाया गया है। इससे पहले वह 2014 से 2018 तक पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष थे। 2014 में जब बीजेपी ने पीडीपी के साथ जम्मू कश्मीर में मिलकर सरकार बनाई थी, तब सत शर्मा ही पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष थे। सत शर्मा जम्मू के डोगरा ब्राह्मण परिवार से आते हैं और वह पेशे से एक चार्टर्ड अकाउंटेंट है।
मंत्री भी रह चुके हैं सत शर्मा
सत शर्मा ने जम्मू यूनिवर्सिटी के जीजीएम साइंस कॉलेज से बीएससी किया है। वहीं 1986 में इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड एकाउंटेंट के फेलो भी रहे। जब जम्मू में बीजेपी ने पीडीपी के साथ मिलकर पहली बार सरकार बनाई, तब उन्हें मंत्री भी बनाया गया। 40 दिनों के लिए सत शर्मा हाउसिंग और डेवलपमेंट विभाग के कैबिनेट मंत्री रहे थे।
2024 का विधानसभा चुनाव बीजेपी ने रविंदर रैना के नेतृत्व में लड़ा। हालांकि वह अपनी सीट खुद हार गए। हालांकि भाजपा ने 29 सीटों पर जीत दर्ज की, जो एक रिकॉर्ड है। हार के बाद सोशल मीडिया पर खबर आई कि रविंदर रैना ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। हालांकि पार्टी की ओर से इसकी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई।
जम्मू कश्मीर में 10 साल बाद विधानसभा चुनाव हुए हैं। विधानसभा चुनाव में नेशनल कॉन्फ्रेंस और कांग्रेस गठबंधन ने जीत हासिल की है। नेशनल कॉन्फ्रेंस को 42 सीटें मिली जबकि कांग्रेस को मात्र 6 सीट मिली।