केंद्र शासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर में जिला एवं पंचायत चुनाव में भाजपा के वरिष्ठ नेता शाहनवाज हुसैन प्रचार करने पहुंचे हुए हैं। चुनाव प्रचार के बाद भाजपा नेता शाहनवाज हुसैन, केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री अनुराग ठाकुर व तरुण चुघ लाल चौक में एक रेस्टोरेंट में चाय पीने पहुंचे। इस दौरान तीनों नेता एक साथ बैठे हुए थे। हुसैन ने दोनों नेताओं के साथ बैठकर चाय पीने की तस्वीर को ट्विटर पर पोस्ट किया। तस्वीर में अनुराग ठाकुर को बैठे देखकर लोग उन्हें ट्रोल करने लगे।

एक यूजर ने लिखा अनुराग ठाकुर शाहनवाज तो मुस्लिम है, सीधे गोली मार क्या चाय की चुस्की ले रहा है। यूजर ने आगे लिखा ओ सॉरी…शाहनवाज तो भाजपा है…फिर तो यह सच्चा देशभक्त होगा। एक अन्य यूजर ने लिखा कि अनुराग ठाकुर की तरफ इशारा करते हुए कहा कि ये खुद गोली मारो….कहता है। कौन से प्रयत्न की बात कर रहे हो। मुस्लिम चेहरा। वीडियो में भाजपा नेता तरुण चुघ पर एक यूजर ने चुटकी ली। यूजर ने लिखा कि चुघ तो वाकई में बड़ा भूखा है…सिर्फ खाने और पीने में ही रुचि दिखा रहा है।

इससे पहले शाहनवाज हुसैन ने अपने पोस्ट किए वीडियो में कहा कि दिन भर की चुनावी थकान के बाद हम लोग यहां इकट्ठे हुए हैं लेकिन जोश है, जज्बा है। हम लोग इकट्ठे होकर यहां आए हैं। उन्होंने कहा कि अनुराग ठाकुर, तरुण चुघ भी यहां आए हैं। हम लोगों ने बड़गाम में सभा की है। बड़ी संख्या में लोग चुनावी सभा में पहुंच रहे हैं। उन्होंने आगे कहा कि यहां पर लाल चौक में एक रेस्टोरेंट में हम लोग बैठकर लाल चाय पी रहे हैं। उन्होंने कहा कि कहीं कोई दिक्कत या दुश्वारी नहीं है। भाजपा नेता ने कहा कि लोगों को यहां आना चाहिए। उन्होंने कहा कि यहां के लोग टूरिज्म चाहते हैं ये लोग टेररिज्म को नकार चुके है, पत्थरबाजी को नकार चुके हैं। लोग यहां विकास चाहते हैं।

उन्होंने कहा कि आज हम लोग खुद अचानक यहां पहुंचे हैं और देखा है कि कहीं कोई दिक्कत नहीं है, कोई दुश्वारी नहीं है। हम लोग आम आदमी की तरह यहां आए हैं। हम लोग बैठकर चाय का लुत्फ उठा रहे हैं…और लाल चौक पर उठा रहे हैं। शाहनवाज हुसैन ने कहा कि यह बदलता हुआ कश्मीर है। ये बदलता हुआ हिंदुस्तान है। हुसैन ने आगे कहा कि यह नरेंद्र मोदी के सपनों का भारत है और यह है नरेंद्र मोदी के सपनों का जम्मू कश्मीर।