Jairam Ramesh On Anil Antony Resignation: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM MODI) पर आधारित बीबीसी डॉक्यूमेंट्री (India: The Modi Question) के विवाद के चलते बुधवार (25 जनवरी, 2023) को अनिल एंटनी (Anil Antony) ने कांग्रेस से इस्तीफा दे दिया। अनिल एंटनी के कांग्रेस पार्टी से इस्तीफा देने के बाद कांग्रेस के वरिष्ठ नेता जयराम रमेश (Jairam Ramesh) की प्रतिक्रिया सामने आई है।
जयराम रमेश (Jairam Ramesh) ने केरल के पूर्व मुख्यमंत्रियों ओमन चांडी और एके एंटनी का नाम न लेते हुए ट्वीट किया। उन्होंने ट्वीट करते हुए लिखा, ‘एक राज्य के दो मुख्यमंत्रियों के दो बेटों की कहानी। एक भारत यात्री है जो राष्ट्र को एकजुट करने के लिए भारत जोड़ो यात्रा में ज्यादातर नंगे पैर बिना थके हुए चल रहा है। दूसरा पार्टी और यात्रा के प्रति अपने कर्तव्यों को नजरअंदाज करते हुए धूप में अपने दिन का लुत्फ ले रहा है।’
बता दें, एक ट्वीट में अनिल एंटनी ने जानकारी दी कि भाजपा के साथ सभी मतभेदों के बावजूद यह खतरनाक चलन होगा कि भारतीय संस्थानों के विचारों से ज्यादा बीबीसी और ब्रिटेन के पूर्व विदेश मंत्री जैक स्ट्रॉ के विचारों को महत्व दिया जाए। उन्होंने कहा था कि ऐसा करने से भारत की संप्रभुता पर असर पड़ेगा। एंटनी ने कहा था कि बीसीसी ब्रिटेन की सरकार का प्रायोजित चैनल है और भारत के प्रति पूर्वाग्रह से प्रभावित रहा है।
अपने इस्तीफे में अनिल एंटनी ने लिखा है, ‘मुझे अच्छी तरह से पता चल गया है कि आपके सहकर्मी और नेतृत्व के आस-पास की मंडली केवल चाटुकारों और चमचों के झुंड के साथ काम करने के इच्छुक है।’
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, अनिल एंटनी कुछ दिन पहले तक कांग्रेस के डिजिटल संचार का काम देख रहे थे। एंटनी ने कांग्रेस पार्टी से इस्तीफा ऐसे वक्त दिया है, जब केरल में कांग्रेस की शखाओं ने पीएम मोदी पर बनी बीबीसी डॉक्यूमेंट्री की स्क्रीनिंग करने की घोषणा की है। जिसके बाद इस मुद्दे पर घमासान मचा है। इस्तीफा देते हुए एंटनी ने केरल कांग्रेस नेतृत्व और नेता शशि थरूर को धन्यवाद भी कहा है. उन्होंने अपने इस्तीफा पत्र में चाटुकार और चमचा मंडली संस्कृति का जिक्र किया है। बता दें, अनिल एंटनी केरल के पूर्व मुख्यमंत्री, पूर्व केंद्रीय मंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एके एंटनी के पुत्र है।

