उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि जम्मू-कश्मीर में जब तक हिंदू राजा थे, तब तक हिंदू व सिख सुरक्षित थे। यह बात सीएम ने सोमवार (29 अक्टूबर, 18) को भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के सिख समागम में कही। सीएम ने आगे बताया, “जब हिंदू राजा का पतन हुआ, हिंदुओं का भी पतन होना शुरू हो गया था। आज वहां की स्थिति क्या है? कोई खुद को सुरक्षित बोल सकता है? नहीं। हमें इतिहास से सीखना चाहिए।”

गुरु नानक देव जी को समर्पित रहा कार्यक्रमः यह आयोजन लखनऊ स्थित लोक निर्माण विभाग (पीडब्लूडी) विभाग के विश्वेश्वरैया ऑडिटोरियम में हुआ। अवध क्षेत्र के सह-मीडिया प्रभारी सतवीर सिंह राजू ने इस बारे में  बताया कि सम्मेलन में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, प्रदेश अध्यक्ष डॉ.महेंद्र नाथ पांडे, संगठन महामंत्री सुनील बंसल, उप-मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, डॉ.दिनेश शर्मा व मंत्री बलदेव सिंह औलख मौजूद रहेंगे। सम्मेलन गुरु नानक देवजी के 550वें प्रकाशोत्सव को समर्पित रहा।

सिख समाज को कुछ मांगने की जरूरत नहींः बकौल सीएम, “गुरुनानक देव जी महाराज के 550वें वर्ष का कार्यक्रम चंद दिनों बाद शुरू होगा। सिख पंत का गुरु नानक देव से गुरु गोविंद सिंह तक का स्वर्णिम इतिहास रहा है। सिख पंत का इतिहास देश को हमेशा से ताकत देता आया है। ऐसे में सिख समाज को कुछ भी मांगने की जरूरत नहीं हैं।”

देश-धर्म के लिए त्यागे थे 4 बेटेः सीएम योगी के मुताबिक, यह देश स्वतंत्र भारत में कश्मीर को बचा नहीं पाया, जबकि गुरु तेग बहादुर सिंह ने अपने प्राणों की आहूति देकर कश्मीर की हिफाजत की थी। उन्होंने अपने देश और धर्म के लिए चार बेटों का त्याग किया था।

सूबे में हर सिख सुरक्षितः यूपी को सुरक्षित बताते हुए वह बोले- आपसी भेदभाव करने वालों की हालत अफगानिस्तान जैसी हो जाएगी। सिखों का यह केसरिया झंडा समाजवादी पार्टी और बहुजन समाज पार्टी (बसपा) वाले ही लगा सकते हैं। देश की राष्ट्रीयता, महापुरुषों का अपमान करने वाले हमारे नहीं हो सकते। सूबे में आज हर सिख सुरक्षित है।