International Yoga Day 2023: 9वें अंतरराष्ट्रीय विश्व योग दिवस पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने न्यूयॉर्क स्थित यूएन मुख्यालय में योग दिवस कार्यक्रम का नेतृत्व किया। इस अवसर पर प्रधानमंत्री ने भी योग किया। इस कार्यक्रम में 180 देशों के करीब आठ हजार लोग शामिल हुए। इस वजह से इस कार्यक्रम ने गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया। समारोह को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि यहां आने के लिए आप सभी का धन्यवाद। मुझे बताया गया कि लगभग हर राष्ट्रीयता का यहां प्रतिनिधित्व है और हम सभी को यहां लाने का एक अद्भुत कारण है- योग। योग का अर्थ है जोड़ना। आपका एक साथ आना योग के दूसरे रूप की अभिव्यक्ति है।’ आइए जानते हैं कार्यक्रम की पांच बड़ी बातें।
- पीएम मोदी ने कहा कि योग भारत से आता है। सभी प्राचीन भारतीय परंपराओं की तरह यह भी जीवंत और गतिशील है। योग जीवन का एक तरीका है। ये विचारों और कार्यों में सावधानी बरतने का एक तरीका है। ये स्वयं के साथ, दूसरों के साथ और प्रकृति के साथ सद्भाव से जीने का तरीका है।
- अंतरराष्ट्रीय योग दिवस को वार्षिक आयोजन के रूप में चिह्नित करने के लिए संयुक्त राष्ट्र महासभा के मंच से पहली बार पीएम मोदी द्वारा प्रस्तावित किए जाने के नौ साल बाद किसी भारतीय नेता ने पहली बार संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय योग सत्र का नेतृत्व किया।
- प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि योग कॉपीराइट, पेटेंट और रॉयल्टी मुक्त है। उधर प्रधानमंत्री कार्यालय ने पीएम मोदी के हवाले से ट्वीट किया, जिसमें लिखा, ”मुझे याद है, 9 साल पहले संयुक्त राष्ट्र में यहीं पर मुझे 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाने का प्रस्ताव करने का सम्मान मिला।”
- प्रधानमंत्री मोदी ने महात्मा गांधी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की। यह प्रतिमा अब संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय के उत्तरी उद्यान में स्थापित है। UNGA अध्यक्ष साबा कोरोसी ने कहा कि मैंने सीखा है कि जो शक्तियां ब्रह्मांड में और हमारे अंदर हैं वे एक ही नियम का पालन करती हैं और वह है संतुलन हासिल करना। योग हमें भौतिक रूप से बदलता है। मुझे अपनी बेटी पर भी गर्व है जो योग का काफी समय से अभ्यास कर रही है। मैं उसकी वजह से योग को और अच्छे से समझ पाया हूं।
- संयुक्त राष्ट्र में भारत की स्थायी प्रतिनिधि रुचिरा कंबोज ने कहा कि आज का दिन एतिहासिक था जहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने UN के परिसर में योग का नेतृत्व किया। आपने देखा होगा कि दिसंबर 2014 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में 21 जून को हर साल अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के रूप में मनाया जाने लगा। इसलिए आज का दिन बहुत ही सम्मान का दिन है कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में योग हुआ। मैं भी बहुत खुश हूं कि आज एक स्थान पर योग प्रतिभागियों की अधिकतम संख्या का गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड भी बना।