IndiGo Flight: झारखंड की राजधानी रांची जाने वाली इंडिगो की एक फ्लाइट को सोमवार को आपातकालीन लैंडिंग करानी पड़ी। अधिकारियों ने बताया कि पक्षी के टकराने के कारण आपातकालीन लैंडिंग हुई और विमान में 175 यात्री सवार थे। सभी यात्री और चालक दल के सदस्य पूरी तरह सुरक्षित हैं।

बिरसा मुंडा एयरपोर्ट के निदेशक आर.आर मौर्य ने बताया कि यह घटना दोपहर सवा एक बजे हुई। विमान एयरपोर्ट से करीब 10 से 12 समुद्री मील की दूरी और 3 से 4 हजार फीट की ऊंचाई पर था, तभी एक गिद्ध से टकरा गया। इसके बाद पायलट ने सतर्कता दिखाते हुए तुरंत आपात लैंडिंग की। बता दें कि आसमान में जब कोई पक्षी विमान से टकराता है तो उसे ‘बर्ड हिट’ कहा जाता है।

‘क्या देशभक्त होना इतना मुश्किल है?’, आर्टिकल 370 पर टिप्पणी के बाद सलमान खुर्शीद का एक और बड़ा बयान

बता दें, विमान एयरबस 320 है, जो पटना से रांची आ रहा था और बाद में कोलकाता जाने वाला था। अधिकारी ने बताया कि गिद्ध से टकराने के कारण विमान को नुकसान पहुंचा है। विमान की जांच के लिए इंजीनियरों की टीम पहुंची है जो नुकसान का आकलन कर रही है।

आपात लैंडिंग के दौरान सभी यात्री सुरक्षित

इस घटना के बाद एयरपोर्ट पर कुछ देर के लिए सतर्कता बढ़ा दी गई। हालांकि इंडिगो की तरफर से इस घटना पर कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है। फिलहाल विमान को ग्राउंड कर दिया गया है और सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है।

इससे पहले रविवार को दिल्ली जा रही इंडिगो की एक फ्लाइट को दिल्ली में खराब मौसम के कारण भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। रायपुर से दिल्ली आने वाली उड़ान संख्या 6ई 6313 रविवार को धूल भरी आंधी के कारण कुछ देर तक हवा में चक्कर लगाने के बाद सुरक्षित रूप से दिल्ली हवाई अड्डे पर उतर गई। वहीं, कुछ दिन पहले खराब मौसम की वजह से श्रीनगर में इंडिगो फ्लाइट की इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई थी। पढ़ें…पूरी खबर।