इस फेस्टिव सीजन रेल यात्रियों को मां वैष्णो देवी के भक्तों को मोदी सरकार ने एक तौफा दिया है। भारतीय रेल नवरात्र में दिल्ली-कटरा रूट पर वंदे भारत एक्सप्रेस चलाने जा रही है। इस बात की जानकारी भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने अपने आधिकारिक टिवीटर अकाउंट से दी है। इस से पहले रेलवे बोर्ड चेयरमैन विनोद कुमार यादव भी इस बात की जानकारी दे चुके हैं। यादव का कहना है कि इस त्योहारी सीजन से पहले दिल्ली-कटरा रूट पर दूसरी वंदे भारत एक्सप्रेस चलाई जाएगी। विनोद कुमार ने यह भी कहा कि 2022 तक 40 स्लीपर वंदे भारत एक्सप्रेस बनकर तैयार हो जाएंगी।
बीजेपी ने ट्वीट कर लिखा “मां वैष्णो देवी के श्रद्धालुओं को मोदी सरकार का तोहफा, नवरात्रों में दिल्ली से कटरा के बीच शुरु होगी वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन। भारतीय रेलवे ने पूरा किया ट्रेन का ट्रायल रन, इस आधुनिक ट्रेन से यात्रा का समय कम होने के साथ ही सुविधाजनक होगा सफर।” बता दें कि अभी वंदे भारत में सिर्फ चेयरकार की सुविधा ही है। दिल्ली से कटरा के रूट पर चलने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस को अपग्रेड किया गया है। इस ट्रेन में दिल्ली और वाराणसी के बीच चलने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस के मुकाबले ज्यादा आरामदायक सीट, पेंट्री कार में ज्यादा जगह आदि सुविधाएं दी जाएंगी।
दिल्ली-कटरा रूट पर चलने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस में 16 कोच लगाए जाएंगे। इस ट्रेन में 1128 सीटें हैं। सामान्य चेयर कार के 14 डब्बे होंगे, जिनमें 936 सीटें होंगी। जबकि दो एग्जीक्यूटिव चेयर कार में 104 सीटें होंगी। नई दिल्ली से कटरा तक का चेयरकार का किराया करीब 1600 रुपये होगा। जबकि एग्जीक्यूटिव चेयर कार का किराया 3000 रुपये के आसपास रखा गया है। यह ट्रेन नई दिल्ली से सुबह 6 बजे चलेगी और दोपहर 2 बजे श्रीमाता वैष्णो देवी कटरा स्टेशन पहुंचेगी। वापसी में यह ट्रेन दोपहर बाद 3 बजे कटरा से चलेगी और रात 11 बजे नई दिल्ली पहुंचेगी। बीच में अंबाला कैंट, लुधियाना और जम्मू तवी में इसके स्टापेज होंगे।