केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव शनिवार को मध्यप्रदेश के खजुराहो में थे। इस दौरान उन्होंने खजुराहो रेलवे स्टेशन को वर्ल्ड क्लास स्टेशन बनाने की घोषणा की। खजुराहो में शनिवार को रेल मंत्री जिले के अधिकारियों के साथ बैठक कर रहे थे और अधिकारियों ने विकास कार्यों का प्रेजेंटेशन भी दिया। रेल मंत्री ने कहा कि यहां पर वंदे भारत ट्रेन का भी ठहराव होगा क्योंकि खजुराहो में दुनिया भर से टूरिस्ट आते हैं।
समाचार एजेंसी पीटीआई की रिपोर्ट के अनुसार रेल मंत्री ने कहा कि, “मध्य प्रदेश के खजुराहो स्टेशन को विश्वस्तरीय स्टेशन के रूप में विकसित किया जाएगा। वंदे भारत ट्रेन राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय पर्यटकों के बीच लोकप्रिय इस पर्यटन स्थल पर रुकेगी। खजुराहो स्टेशन को भोपाल में रानी कमलापति स्टेशन और गुजरात के गांधीनगर स्टेशन की तरह एक विश्व स्तरीय स्टेशन में बदला जाएगा। रेलवे सोलर पावर यूनिट लगाने के लिए किसानों को फंड देगा। इस तरह वे बिजली का उत्पादन भी कर सकते हैं। इस उद्देश्य के लिए एक पायलट की योजना बनाई जाएगी।”
खजुराहो रेलवे स्टेशन के दौरे पर पहुंचे रेल मंत्री ने ट्रेनों की साफ-सफाई का भी जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने रेल यात्रियों से भी बात की। एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है जिसमें रेल मंत्री ट्रेन के अंदर रेल यात्रियों से कह रहे हैं कि, “नमस्कार मैं आपका रेल मंत्री हूं, ट्रेन में साफ सफाई की व्यवस्था कैसी है?” यात्री जवाब देते हैं कि अच्छा है। इसके बाद रेल मंत्री चल देते हैं।
इसी वर्ष फरवरी महीने में स्पाइसजेट द्वारा खजुराहो को दिल्ली से हवाई सेवा के माध्यम से जोड़ा गया था। केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने दिल्ली से मध्य प्रदेश के खजुराहो के लिए स्पाइसजेट की उड़ान को हरी झंडी दिखाई थी। दिल्ली से खजुराहो के बीच हवाई सेवा हफ्ते के 2 दिन संचालित होगी। शुक्रवार और रविवार को दिल्ली से खजुराहो के बीच डायरेक्ट हवाई सेवा उपलब्ध रहेगी और इसका किराया 3209 रुपए (टैक्स अलग से देना होगा) होगा।
रेल मंत्री ने बताया कि चेन्नई में 400 डिब्बों का निर्माण कार्य जारी है। जल्द ही हर महीने में 4 से 6 नई ट्रेनों का नए स्वरूप में संचालन होगा।
