नई दिल्ली। सीमा पार से संघर्षविराम के लगातार उल्लंघन पर अब तब की सबसे सख्त चेतावनी में भारत ने जोर दिया कि अगर इस तरह से बिना उकसावे की आक्रामकता जारी रही तब इस ‘दुस्साहस’ की कीमत पाकिस्तान वहन नहीं कर पायेगा।

रक्षा मंत्री अरूण जेटली ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘ इन हमलों में स्पष्ट तौर पर पाकिस्तान आक्रांता है लेकिन उसे इस बात को समझना चाहिए हमारा प्रतिरोध प्रमाणिक होगा। अगर पाकिस्तान इस तरह के दुस्साहस को जारी रखता है, तब हमारे बल उसके लिए इस दुस्साहस की कीमत को वहन नहीं करने योग्य बना देंगे।’’

उन्होंने कहा कि भारत का सख्त संदेश पाकिस्तान पहुंच चुका है और वह गोलीबारी और गोलाबारी करता रहेगा तब वह भी ऐसा करना जारी रखेगा।
जेटली ने कहा कि अगर पाकिस्तान सीमा पर शांति चाहता है, तब वह जो कर रहा है, उसे बंद करना चाहिए। ‘‘पाकिस्तान को बिना उकसावे के गोलीबारी और गोलाबारी बंद करनी चाहिए। जब तक ऐसा जारी रहेगा, शांति कैसे हो सकती है।’’

दोनों देशों के नेताओं के बीच बातचीत की संभावना के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा, ‘‘ जब गोलीबारी जारी हो, तब आप बातचीत कैसे कर सकते हंै।’’
रक्षा मंत्री ने कहा कि हमारे सशस्त्र बल सराहनीय काम कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि भारत एक जिम्मेदार देश है जो आक्रांता नहीं है बल्कि वह अपने लोगों और भूमि की पूर्ण सुरक्षा के लिए जिम्मेदार है।

उन्होंने कहा, ‘‘ हमारे बल अपने लोगों और अपनी भूमि की सुरक्षा के लिए उठाये जा सकने वाले सभी कदम बहुत जिम्मेदारी और काबलियत के साथ उठा रहे हैं।’’