संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद (UNSC) में भारत ने पाकिस्तान पर करारा हमला किया है। भारत ने पाकिस्तान को अवैध रूप से जम्मू कश्मीर के हिस्से पर कब्जे को खाली करने को कहा है। संयुक्त राष्ट्र में भारत के स्थाई प्रतिनिधि परवथानैनी हरीश ने संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद की खुली बहस के दौरान पाकिस्तान को चेतावनी दी। दरअसल संयुक्त राष्ट्र में शांति अभियानों को लेकर चर्चा चल रही थी। इस दौरान पाकिस्तान ने जम्मू कश्मीर का राग अलापा। इसके जवाब में भारत ने उसे चेतावनी दी।
अवैध कब्जे को खाली करे पाकिस्तान- UN में भारत
भारत के स्थाई प्रतिनिधि ने कहा कि जम्मू और कश्मीर भारत का अभिन्न हिस्सा था, है और हमेशा रहेगा। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान अवैध रूप से इस क्षेत्र पर कब्जा किए हुए हैं जिसे उसे तुरंत खाली करना होगा। भारत ने साफ कहा कि पाकिस्तान लगातार अनावश्यक टिप्पणी करता रहता है, लेकिन इससे न तो उसके गैरकानूनी दावे वैलिड होंगे, ना ही उसके स्टेट स्पॉन्सर्ड टेररिज्म की नीति सही ठहराई जा सकती है।
भारत ने कहा कि पाकिस्तान इस मंच का उपयोग विभाजनकारी एजेंडे को बढ़ावा देने के लिए करता है, लेकिन भारत ऐसा नहीं होने देगा। भारत के स्थाई प्रतिनिधि ने कहा कि भारत इस मामले में अधिक विस्तार से जवाब देने से परहेज करेगा। भारत का रुख स्पष्ट है।
भारत ने सुरक्षा मिशनों को लेकर कही बड़ी बात
चर्चा के दौरान भारत ने सुरक्षा मिशनों को नई चुनौतियां के अनुसार काम करने की आवश्यकता पर भी जोर दिया। भारत के स्थाई प्रतिनिधि ने कहा कि जनादेश को आकार देने में सेना और पुलिस योगदान देने वाले देशों की भूमिका पर भी ध्यान दिया जाए। उन्होंने उनके लिए पर्याप्त धन की व्यवस्था करने की मांग की।
इसके अलावा भारत ने महिला शांति सैनिकों की भूमिका पर भी बात की। भारत के स्थाई प्रतिनिधि हरीश ने कहा कि महिलाओं के बिना शांति स्थापना संभव नहीं है। उन्होंने कहा कि अब यह सवाल नहीं है कि महिलाएं शांति स्थापना कर सकती हैं या नहीं, बल्कि अब सवाल यह है कि क्या महिलाओं के बिना शांति स्थापना हो सकती है?