एशिया कप T20 क्रिकेट टूर्नामेंट के सुपर चार चरण के मैच में रविवार को भारत ने पाकिस्तान पर 6 विकेट से जीत दर्ज की। पाकिस्तान के 172 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत ने 4 विकेट पर 174 रन बनाकर जीत दर्ज की। इस सबके बीच मैच के दौरान पाकिस्तानी बल्लेबाज साहिबजादा फरहान का एक वीडियो वायरल हो रहा है जिसे लेकर विवाद छिड़ गया है। फरहान ने अपनी पारी के दौरान अर्धशतक लगाकर विवादित तरीके से जश्न मनाया जिस पर तमाम खिलाड़ी और राजनेता भी प्रतिक्रिया दे रहे हैं। शिवसेना नेता संजय राउत ने भी पाकिस्तानी क्रिकेटर के एक्शन पर रिएक्शन दिया है। उन्होंने जय शाह के लिए भारत रत्न की मांग की है।
संजय राउत ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, “साहिबज़ादा फ़रहान ने मैदान पर साबित कर दिया कि कैसे पाकिस्तानी आतंकवादियों ने पहलगाम में 26 बेगुनाहों का कत्लेआम किया, उन्हें गोलियों से भून डाला जैसे कुछ हुआ ही न हो। पचास रन पूरे किए और बल्ले को AK-47 की तरह थाम लिया और चौके जड़ दिए। BCCI और मोदी सरकार के मुंह पर यह थूकना बेहद अपमानजनक है। भारत को शर्मसार करने के लिए जय शाह भारत रत्न के हक़दार हैं।”
साहिबजादा फरहान का विवादित सेलिब्रेशन
पाकिस्तान की पारी में 10वें ओवर में अक्षर पटेल की गेंद पर साहिबजादा फरहान ने छक्का जड़ दिया। इसके साथ ही उनका अर्धशतक पूरा हुआ। 28 वर्षीय इस खिलाड़ी ने बल्ले से बंदूक चलाने का इशारा किया। इसे देखकर हर कोई हैरान रह गया। सोशल मीडिया पर फरहान का सेलिब्रेशन चर्चा का केंद्र बन गया।
फरहान को हाफ सेंचुरी से पहले दो बार जीवनदान भी मिला। वह दो गेंदों पर 0 रन बनाकर खेल रहे थे तभी मैच की तीसरी गेंद पर अभिषेक ने थर्ड मैन क्षेत्र में उनका एक आसान कैच छोड़ दिया। पाकिस्तानी पारी के आठवें ओवर की तीसरी गेंद पर जब फरहान 26 गेंदों पर 32 रन बनाकर खेल रहे थे तो उन्होंने एक बार फिर बड़ा शॉट खेलने की कोशिश की। उन्होंने अक्षर पटेल की गेंद पर डाउन द ग्राउंड शॉट लगाया। अभिषेक के पास एक बार फिर कैच लेने का मौका था, लेकिन वह एक बार फिर असफल रहे और गेंद छक्के के लिए चली गई।