India-China Ladakh Border Dispute: भारत और चीन (India-China) का सीमा विवाद अब हिंसक झड़प में तब्दील होता जा रहा है। लद्दाख (Ladakh) की गलवान घाटी (Galwan Valley) से बड़ी खबर सामने आ रही है। सोमवार की रात गलवान घाटी में चीनी और भारतीय सैनिकों के बीच हिंसक झड़प हुई। इस झड़प में भारतीय सेना के एक अधिकारी और 2 जवान शहीद हो गए। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक शहीद अफसर कर्नल रैंक के थे और इन्फेंट्री बटालियन के कमांडिंग ऑफिसर थे। आपको बता दें कि साल 1975 के बाद यह पहला मौका है जब चीनी सेना के साथ भारतीय सैनिकों की हिंसक झड़प हुई है। 45 साल बाद चीनी बॉर्डर पर भारतीय सैनिक शहीद हुए हैं।

गौरतलब है कि भारत और चीन के बीच डेढ़ महीने से तनाव बना हुआ है। लद्दाख में कई बार भारतीय और चीनी सैनिकों के आमने-सामने आने की खबर सामने आई। दोनों देशों की सेनाओं के बीच जून में ही 4 बार बातचीत हुई और यह तय किया गया कि बॉर्डर पर तनाव कम किया जाएग। डीएस्केलेशन के तहत दोनों देशों की सेनाएं विवादित इलाके से पीछे हटेंगे। कुछ जगहों से सेनाओं के पीछे हटने की भी खबर आई। हालांकि इसी बीच अब हिंसक झड़प की खबर सामने आई है।

चीनी सेना के साथ हिंसक झड़प के बाद रक्षा मंत्री ने बुलाई आपात बैठक, सीडीएस के साथ हालात पर चर्चा

45 साल बाद चीन बॉर्डर पर शहीद हुए जवान: 45 साल बाद ऐसा हुआ है जब चीनी बॉर्डर पर भारतीय सैनिक (Indian Army) शहीद हुए हैं। इससे पहले 20 अक्टूबर 1975 को अरुणाचल प्रदेश के तुलुंग-ला में भारतीय और चीनी सैनिकों के बीच झड़प हुई थी। चीनी सैनिकों ने असम राइफल की पेट्रोलिंग पार्टी पर घात लगाकर हमला किया था, जिसमें भारत के 4 जवान शहीद हुए थे। 1975 से पहले साल 1967 में भी भारत और चीनी सेना के बीच सिक्किम के नाथू-ला में हिंसक झड़प हो चुकी है, इसकी शुरुआत 15 सितंबर 1967 की हुई थी और यह अक्टूबर तक चलता रहा। इस झड़प में भी दोनों तरफ से जवानों की जान गई थी।

झड़प पर भारतीय सेना ने क्या कहा? : गलवान घाटी (Galwan Valley) में हिंसक झड़प पर भारतीय सेना ने एक आधिकारिक बयान जारी किया है। इस बयान के मुताबिक गलवान घाटी में सोमवार की रात डीएस्केलेशन की प्रक्रिया के दौरान दोनों देशों की सेनाओं के बीच झड़प हुई, इसमें भारतीय सेना के एक अफसर और 2 जवान शहीद हो गए। दोनों देशों के वरिष्ठ सैन्य अधिकारी मौके पर पहुंच गए हैं और मामले को शांत करने के लिए बैठकें जारी हैं। उधर, अंतरराष्ट्रीय समाचार एजेंसी AFP के मुताबिक चीन के विदेश मंत्रालय ने उल्टा भारत पर घुसपैठ का आरोप लगाया है और कहा है कि भारतीय सैनिकों ने घुसपैठ कर चीनी सैनिकों पर हमला किया।