पीएम मोदी के राष्ट्र के नाम संबोधन के दौरान चीन का जिक्र ना होने की बात को लेकर वरिष्ठ पत्रकार बरखा दत्त सुरक्षा जानकारों और रक्षा विशेषज्ञों से बातचीत कर रही थीं। इस चर्चा में स्ट्रैटजिक स्टडीज के प्रोफेसर प्रो. ब्रह्मा चेलानी ने कहा कि पीएम मोदी के भाषण के बाद भी चीन ने घुसपैठ की। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी को चीन की हरकतों  के बारे में देश के लोगों को बताना चाहिए। उन्होंने कहा कि संकट के समय लीडर को अपनी जनता को विश्वास में लेना चाहिए। वहीं इस चर्चा को लेकर रिटायर्ड मेजर रमेश उपाध्याय भड़क गए और उन्होंने ट्वीट कर बरखा दत्त पर निशाना साधा है।

दरअसल, चेलानी बरखा दत्त के सवाल का जवाब दे रहे थे। दत्त का सवाल था कि क्या पीएम मोदी को भारत चीन विवाद को लेकर देश की जनता को विश्वास में लेना चाहिए। चीन के साथ विवाद की बातों को देश के साथ साझा किया जाना चाहिए? चीन के साथ विवाद के निदान का ना सही पर सीमा की असल तस्वीर तो बतानी चाहिए कि वहां क्या हो रहा है।

चेलानी ने कहा कि यह करगिल -2 है। करगिल वार में पाकिस्तान दुश्मन था यहां चीन है। उन्होंने कहा कि करगिल के समय प्रधानमंत्री वाजपेयी ने देश की जनता को विश्वास में लिया था। चेलानी ने कहा कि पीएम मोदी के भाषण से लगा कि वह चीन को मौका दे रहे हैं लेकिन बाद में ऐसा लगा की पीएम मोदी खुद बेस बचा रहे हैं। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी का कहना था कि जवानों का बलिदान बेकार नहीं जाएगा। लेकिन पीएम मोदी अब चीन को काउंटर करते नजर नहीं आ रहे हैं। यह इत्तेफाक नहीं है की पीएम मोदी के भाषण के बाद भी चीन ने घुसपैठ जारी रखी है।

रिटायर्ड मेजर रमेश उपाध्याय ने बरखा दत्त पर निशाना साधते हुए इस वीडियो पर ट्वीट किया है।  उन्होंने लिखा है, आप परेशान हैं क्योंकि पीएम मोदी ने रणनीतिक जानकारियां साझा नहीं कि हैं। आपको उनके मंत्रियों से भी जानकारी नहीं मिल सकी है। आप चाहती हैं कि जानकारियां साझा की जाएं और आप पैसा देने वाले लोगों तक जानकारी पहुंचा दें। आप भारत यात्रा पर बनी रहें। राष्ट्र तब तक सुरक्षित है जब तक आप सीमाओं और दिल्ली से दूर हैं।