केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने बुधवार को कहा कि 18 दिन के भीतर देश में 40 लाख लोगों को कोरोना रोधी टीके लगाए गए हैं और इसके साथ ही भारत सबसे तेज गति से इस आंकड़े तक पहुंचने वाला देश बन गया है। बुधवार सुबह तक देश में 41 लाख से ज्यादा लोगों को कोरोना रोधी टीके लगाए गए।

मंत्रालय ने कहा कि कोरोना रोधी टीके लगाने के मामले में भारत एक फरवरी को दुनिया के शीर्ष पांच देशों की सूची में था। भारत तेज गति से यह टीकाकरण जारी रखेगा। मंत्रालय ने कहा कि कोरोना के खिलाफ भारत की लड़ाई को अन्य मोर्चों पर भी सफलता मिल रही है। मंत्रालय के मुताबिक दो फरवरी तक देश में कुल 41,38,918 लोगों को टीका लगाया गया था।

इसमें से अंडमान निकोबार में 2,727, आंध्र प्रदेश में 1,87,252, अरुणाचल प्रदेश में 9,791, असम में 42,435, बिहार में 2,22,153, चंडीगढ़ में 4,019, छत्तीसगढ़ में 79,676, दादर नागर हवेली में 867, दमन दीव में 469, दिल्ली में 74,068, गोवा में 5,422, गुजरात में 2,87,852, हरियाणा में 1,27,893, हिमाचल प्रदेश में 39,570, जम्मू कश्मीर में 26,634, झारखंड में 55,671, कर्नाटक में 3,16,368, केरल में 2,24,846, लद्दाख में 1,234, लक्ष्यद्वीप में 807, मध्य प्रदेश में 2,98,376, महाराष्ट्र में 3,18,744, मणिपुर में 4,739, मेघालय में 4,694, मिजोरम में 9,932, नगालैंड में 4,093, ओडिशा में 2,08,205, पुदुचेरी में 3,077, पंजाब में 61,381, राजस्थान में 3,39,218, सिक्किम में 2,647, तमिलनाडु में 1,20,745, तेलंगाना में 1,70,043, त्रिपुरा में 32,196, उत्तर प्रदेश में 4,63,793, उत्तराखंड में 43,430 और पश्चिम बंगाल में 2,88,245 लोगों को टीके लगाए गए।

मंत्रालय ने कहा कि रोजाना काफी अधिक संख्या में कोरोना मरीज स्वस्थ हो रहे हैं और मृत्यु दर में भी कमी बरकरार है। देश में इलाज करा रहे मरीजों की संख्या में गिरावट लगातार जारी है। मंत्रालय ने कहा कि 31 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में 5,000 से कम मरीजों का इलाज चल रहा है। वहीं, आठ राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में साप्ताहिक संक्रमण दर राष्ट्रीय औसत दर (1.91 फीसद) से ज्यादा है। केरल में साप्ताहिक संक्रमण दर सबसे ज्यादा 12 फीसद है। वहीं, सात फीसदी के साथ छत्तीसगढ़ दूसरे स्थान पर है। नए मामलों में से 83.01 फीसद मामले छह राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों से हैं। केरल में सबसे ज्यादा 5,716 नए मामले सामने आए हैं। वहीं, देश में चौबीस घंटे में 110 लोगों की मौत हुई है।