तमिलनाडु में आज पीएम मोदी ने बंगाल की शोवा मजूमदार का जिक्र किया। इस मौके पर पीएम ने लेफ्ट और कांग्रेस को घेरा। साथ ही तमिलनाडु की डीएमके पर भी निशाना साधा। पीएम ने कहा कि महिलाओं का अपमान बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

पीएम ने कहा, ‘कल पश्चिम बंगाल में एक बुजुर्ग महिला शोवा मजूमदार की जान चली गई। कुछ हफ़्ते पहले हम सबने देखा कि TMC के गुंडों ने क्रूरता से उन पर हमला किया क्योंकि उनकी विचारधारा अलग थी। ये लंबे समय तक समाचारों में रहा लेकिन क्या कांग्रेस ने सहानुभूति जताई? क्या DMK और लेफ्ट ने निंदा की?’ बता दें कि पिछले महीने तृणमूल के कुछ कार्यकर्ताओं द्वारा कथित तौर पर पीटे जाने वाली भाजपा कार्यकर्ता की माँ शोवा मजुमदार की आज पश्चिम बंगाल में मृत्यु हो गई। विपक्ष ने आरोप लगाते हुए कहा कि मुख्यमंत्री ममता बनर्जी का नारा “मा, माटी, मानुष” आज 85 वर्षीया के खून से रंग गया है। इस बीच, तृणमूल ने भाजपा पर “कहानी गढ़ने” का आरोप लगाया।

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने आज ट्वीट किया: “बंगाल की बेटी शोवा मजुमदार जी के निधन पर दुखी हूं। जिन्हें टीएमसी के गुंडों ने बेरहमी से पीटा था। उनके परिवार का दर्द और घाव ममता दीदी को लंबे समय तक सताता रहेगा। बंगाल हिंसा के खिलाफ लड़ाई लड़ेगा। बंगाल हमारी बहनों और माताओं के लिए एक सुरक्षित राज्य के लिए लड़ाई लड़ेगा। ”

इसका जवाब देते हुए बनर्जी ने नंदीग्राम में एक रैली को संबोधित करते हुए कहा, ‘शाह उत्तर प्रदेश में महिलाओं के खिलाफ क्रूरता पर मौन रहे, जहां उनकी पार्टी का शासन है। मुझे नहीं पता कि बहन की मौत कैसे हुई है। हम महिलाओं के खिलाफ हिंसा का समर्थन नहीं करते हैं। हमने कभी भी अपनी बहनों और माताओं के खिलाफ हिंसा का समर्थन नहीं किया है … अमित शाह ट्वीट कर ‘बंगाल का क्या हाल है’ कह रहे हैं। क्यों? उत्तर प्रदेश के हाथरस में महिलाओं पर हमला और क्रूरता किए जाने पर वह चुप क्यों रहे? ”

बता दें कि तृणमूल के तीन कार्यकर्ता भी पिछले कुछ दिनों में मारे गए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि चुनाव आयोग अब राज्य की कानून व्यवस्था को देख रहा है।

28 फरवरी को, भाजपा ने कहा था कि तृणमूल सदस्यों ने उसके 24 परगना जिले के कार्यकर्ता गोपाल मजूमदार की माँ शोवा मजूमदार की पिटाई की थी।

मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की पार्टी ने इस घटना को मनगढ़ंत बताया। एएनआई के मुताबिक, बुजुर्ग महिला की आज सुबह मौत हो गई।