Weather Today: दिल्ली-एनसीआर समेत यूपी के कई शहरों में तापमान तेजी से बढ़ रहा है। लोगों को गर्मी के साथ उमस का भी सामना करना पड़ रहा है। मौसम विभाग के मुताबिक फिलहाल मानसून पर ब्रेक लग गया है। अगले कुछ दिनों तक लोगों को गर्मी का सामना करना पड़ सकता है। मौसम विभाग के मुताबिक राजधानी दिल्ली में सोमवार 28 अगस्त को मौसम साफ रहने की उम्मीद है। इस दौरान अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रहने की उम्मीद है।

क्या जल्दी खत्म हो गया मानसून?

मौसम विभाग के मुताबिक उत्तर प्रदेश में फिलहाल बारिश के आसार नहीं हैं। आईएमडी के मुताबिक मानसूनी हवा में कम दबाव का क्षेत्र प्रदेश से निष्क्रिय हो चुका है। अब पश्चिमी हवाएं लखनऊ समेत प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में सक्रिय हैं। इसके चलते प्रदेश भर में मौसम शुष्क रहेगा और आसमान साफ रहने से तापमान में भी बढ़ोतरी दर्ज की जाएगी। लखनऊ में रविवार को अधिकतम तापमान 34.4 डिग्री और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस पर दर्ज किया गया। प्रदेश भर में मौसम साफ रहा। इसके चलते अधिकतम तापमान में एक से दो डिग्री तक की बढ़त भी दर्ज की गई। सर्वाधिक तापमान कानपुर में 35.6 डिग्री और आगरा में 35.3 डिग्री सेल्सियस पर दर्ज किया गया।

मध्यप्रदेश में भी गर्मी कर रही परेशान

मध्य प्रदेश में भी बारिश पर एक बार फिर ब्रेक लग गया है। मौसम विभाग ने सोमवार को प्रदेश के किसी भी जिले में तेज बारिश का अलर्ट नहीं जारी किया है। यहां कुछ इलाकों में हल्की हल्की बारिश होने की उम्मीद है। इसके अलावा छत्तीसगढ़ में भी फिलहाल बारिश की संभावना नहीं है। यहां तापमान में तेजी से बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है।

पहाड़ों पर कैसा रहेगा मौसम

पहाड़ी इलाकों की बात करें तो उत्तराखंड में सोमवार 28 अगस्त और 29 अगस्त को मौसम साफ रहने की संभावना है। मौसम साफ रहने की वजह से राज्य में नदियों का जलस्तर भी घटने लगा है, जिसके चलते लोगों को थोड़ी राहत मिली है। मौसम विभाग के मुताबिक राज्य में 31 अगस्त तक मौसम साफ ही रहने की उम्मीद है। इसके अलावा सिक्किम, असम, अरुणाचल प्रदेश और मेघालय में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर भारी बारिश होने की संभावना है।