दिल्ली-एनसीआर के कई इलाकों में रविवार शाम हुई बारिश के बाद ठंड बढ़ गयी है। आईएमडी के अनुसार, शहर में आज न्यूनतम तापमान 8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। जम्मू-कश्मीर के कई इलाकों में पारा शून्य से नीचे पहुंचने पर ठंड बढ़ गयी है। हिमाचल प्रदेश के टूरिस्ट स्पॉट शिमला में भी बर्फबारी हुई और कई हिस्से बर्फ की सफ़ेद चादर से ढंक गए। पश्चिम बंगाल के बीरभूम के भी कई हिस्सों में हल्की बारिश हुई।

वहीं, केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अनुसार, दिल्ली में धुंध की परत छाई रही और एयर क्वालिटी ‘खराब’ श्रेणी में दर्ज की गयी। CBPC के अनुसार, मुंबई शहर के कई हिस्सों में धुंध की एक पतली परत छाई हुई है। शहर के विभिन्न क्षेत्रों में एयर क्वालिटी ‘मध्यम’ श्रेणी में है। उत्तर प्रदेश के आगरा शहर में एयर क्वालिटी आज सुबह ‘संतोषजनक’ श्रेणी में रही।

Live Updates
11:55 (IST) 8 Dec 2024
Weather Update: कोहरे की शुरुआत और तापमान में बदलाव

मंगलवार से पश्चिमी विक्षोभ के गुजरने के बाद उत्तर प्रदेश में तापमान में 2-3 डिग्री की गिरावट होगी। इससे तराई और पूर्वांचल में घना कोहरा देखने को मिलेगा। शनिवार को प्रयागराज का अधिकतम तापमान 29.7 डिग्री सेल्सियस, जबकि मेरठ में न्यूनतम 6.3 डिग्री दर्ज हुआ।

11:26 (IST) 8 Dec 2024
Weather Update: उत्तर प्रदेश में मौसम में बदलाव

उत्तर-पश्चिमी भारत की ओर बढ़ रहे पश्चिमी विक्षोभ से उत्तर प्रदेश में रविवार और सोमवार को हल्की बारिश और बूंदाबांदी की संभावना। इसके साथ ही दिन के तापमान में 2 डिग्री तक गिरावट होने से ठंड बढ़ेगी। शनिवार को प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हवा में सिहरन महसूस की गई।

09:50 (IST) 8 Dec 2024
Weather Update: कोलकाता में तापमान में होगी गिरावट

आईएमडी के अनुसार, पश्चिम बंगाल के अन्य हिस्सों में 10 दिसंबर तक मौसम मुख्यतः शुष्क रहने की संभावना है। पिछले 24 घंटों में दार्जिलिंग में न्यूनतम तापमान 5.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो राज्य का सबसे कम तापमान था, जबकि कलिम्पोंग में यह 10.5 डिग्री सेल्सियस रहा। राज्य के पश्चिमी हिस्से में स्थित पुरुलिया में तापमान 9.5 डिग्री सेल्सियस था, जो दूसरे सबसे ठंडे स्थान के रूप में दर्ज हुआ। कोलकाता में न्यूनतम तापमान 16.5 डिग्री सेल्सियस रहा, और मौसम विभाग के अनुसार, रविवार सुबह महानगर में पारा एक डिग्री और गिर सकता है।